बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही आज यानी शुक्रवार, 6 नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंची हैं। उनका नाम लंबे समय से 200 करोड़ रुपये के रंगदारी मामले में सामने आ रहा है। ये मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है। अदालत ने नोरा को इस केस में गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। दरअसल, अदालत ने नोरा फतेही को इससे पहले 2 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया था, लेकिन तब वो तय तारीख पर कोर्ट नहीं पहुंच पाई थीं। उनकी तरफ से वकील ने अदालत में पेश होकर व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट देने की मांग की थी। इस पर अदालत ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि गवाह होने के नाते नोरा को अदालत में मौजूद रहना चाहिए था। 

चार्जशीट में गवाह के तौर पर दर्ज नाम

कोर्ट ने उनके रवैये पर सवाल उठाते हुए साफ़ किया कि न्यायिक प्रक्रिया को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। इसके बाद अदालत ने उन्हें 6 नवंबर को पेश होने के लिए नया समन जारी किया था। इस मामले में नोरा फतेही का नाम दिल्ली पुलिस की ओर से दाखिल तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में गवाह के रूप में दर्ज है। जांच के दौरान नोरा से भी पूछताछ की गई थी। उनका बयान मजिस्ट्रेट के सामने भी दर्ज कराया गया था।

नोरा की टीम का बयान 

आपको बता दें, नोरा की लीगल टीम पहले ही साफ कर चुकी है कि एक्ट्रेस इस मामले में आरोपी नहीं हैं और न ही उनके खिलाफ किसी अपराध में शामिल होने का आरोप है। उन्हें सिर्फ मामले से संबंधित जानकारी देने और अदालत की कार्यवाही में सहयोग करने के लिए गवाह के तौर पर बुलाया गया है।

क्या है 200 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का मामला?

ये पूरा मामला सुकेश चंद्रशेखर पर लगे करीब 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के आरोपों से जुड़ा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश पर दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से संपर्क करने और ठगी करने का आरोप है। आरोप है कि उसने पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह को उनके पति की जेल से रिहाई कराने का भरोसा दिलाया था। इसी बहाने कथित तौर पर उनसे करोड़ों रुपये वसूले गए। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और आर्थिक अपराध शाखा इस मामले की जांच कर चुकी हैं। मामले में सुकेश चंद्रशेखर, उनकी पत्नी लीना पॉलोज और अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में आरोप तय किए गए हैं।

जैकलीन का नाम भी आया था सामने

इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के दौरान बॉलीवुड की कई हस्तियों के नाम भी चर्चा में आए थे। जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी इस केस से जुड़ा हुआ है। वहीं, नोरा फतेही को गवाह के रूप में शामिल किया गया है। फिलहाल, नोरा की अदालत में मौजूदगी के बाद इस मामले की सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। उनकी गवाही से जांच और मामले से जुड़े कुछ अहम पहलुओं को समझने में मदद मिल सकती है।