जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान AI2030 को बुधवार सुबह सुरक्षा अलर्ट मिलने के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद विमान की जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। शुरुआती रिपोर्टों में बम की धमकी की बात कही गई, जबकि अन्य रिपोर्टों में संभावित हाईजैक अलर्ट का जिक्र है। विमान के उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।
जयपुर में सुरक्षित उतारा गया विमान
एअर इंडिया की यह उड़ान बोइंग 787-9 विमान से संचालित हो रही थी। सुरक्षा अलर्ट मिलने के बाद विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय जयपुर उतारने का फैसला किया गया। विमान सुबह करीब 9:35 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरा और जांच के लिए उसे अलग सुरक्षित क्षेत्र यानी आइसोलेशन बे में ले जाया गया। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, विमान में सवार सभी 306 यात्री सुरक्षित थे। यात्रियों को सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में विमान से उतारकर टर्मिनल के निर्धारित क्षेत्र में पहुंचाया गया। यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए भी व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पायलट के हाईजैक अलर्ट से बढ़ी सुरक्षा चिंता
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान जब मुंबई फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन में था, तब पायलट की ओर से स्क्वॉक कोड 7500 सक्रिय किया गया। विमानन क्षेत्र में इस कोड का इस्तेमाल विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप या हाईजैक जैसी स्थिति का संकेत देने के लिए किया जाता है। शुरुआती रिपोर्टों में यह संभावना भी जताई गई है कि यह अलर्ट गलती से (तकनीकी खराबी के कारण) सक्रिय हुआ हो सकता है। इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।