Air India Saudi Arabia Flights : पश्चिम एशिया में तनाव और सुरक्षा को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए उड़ानों पर रोक को बढ़ाकर 24 अक्टूबर तक कर दिया है। दोनों प्रमुख एयरलाइंस ने जेद्दा, रियाद और दम्माम आने-जाने वाली तमाम उड़ानों को स्थगित रखा है। इस फैसले से जिन यात्रियों की यात्रा रद्द हुई है, उन्हें एयरलाइंस की तरफ से टिकट की तारीख मुफ्त में बदलने या फिर अन्य नजदीकी जगह से सफर शुरू करने का विकल्प दिया गया है। एयर इंडिया द्वारा आज जारी की गई ट्रैवल एडवाइजरी के मुताबिक यह विशेष सुविधा उन यात्रियों को मिलेगी, जिनके टिकट 15 अक्टूबर या उससे पहले बुक किए गए थे और जिनकी तय यात्रा 9 से 25 अक्टूबर के बीच होनी थी। इसके तहत पात्र यात्री बिना अतिरिक्त शुल्क अपनी यात्रा की तारीख बदलकर सीधे 10 नवंबर तक के लिए कर सकते हैं।

रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले के बाद उठाया गया कदम

एयरलाइंस की ओर से उठाया गया यह सख्त कदम 10 अक्टूबर को रियाद के मशहूर किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए खतरनाक हमले के बाद सामने आया है। हमले में एक भारतीय नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस खबर की आधिकारिक पुष्टि रियाद स्थित भारतीय दूतावास द्वारा की गई थी। इसके बाद इस भीषण घटना में जान गंवाने वाले कुल लोगों की संख्या बढ़कर 13 तक पहुंच गई है।

यात्रियों के लिए दूसरे एयरपोर्ट से यात्रा करने का विकल्प

एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि जो यात्री अपनी यात्रा की तारीख बदलना चाहते हैं, वे सीटों की उपलब्धता के आधार पर ऐसा कर सकते हैं। इसके अलावा, मुसाफिर गल्फ कॉरपोरेशन काउंसिल (GCC) क्षेत्र के किसी अन्य शहर से भी अपनी यात्रा दोबारा प्लान कर सकते हैं। जो लोग एयर इंडिया से सफर करने वाले थे, वे अब दुबई या दोहा से आने-जाने वाली उड़ानों के लिए री-बुकिंग करा सकते हैं। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह या शारजाह से आने-जाने वाली फ्लाइट्स का विकल्प चुन सकते हैं। वैसे, शर्त है कि वैकल्पिक शहर तक पहुंचने का सारा इंतजाम यात्रियों को खुद अपने खर्चे पर करना होगा। उन्हें संबंधित देश के वीजा और वहां प्रवेश से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।

पूरा रिफंड पाने का भी है पूरा हक

एयर इंडिया ने कहा है कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द की गई हैं और वे अब आगे यात्रा करने का इरादा नहीं रखते, वे अपने टिकट का पूरा पैसा वापस ले सकते हैं। कंपनी का कहना है कि वह पश्चिम एशिया के हालात पर पैनी नजर बनाए हुए है। जैसे-जैसे स्थिति बदलेगी, यात्रियों को तुरंत सूचना दी जाएगी। एयर इंडिया की पहली प्राथमिकता है कि प्रभावित यात्रियों की परेशानियों को कम किया जाए। उन्हें यात्रा के सुरक्षित विकल्प मुहैया कराए जाएं।

इंडिगो और अकासा एयर ने भी रोकीं उड़ानें

सऊदी अरब के मौजूदा सुरक्षा हालात को भांपते हुए देश की अन्य निजी एयरलाइंस ने भी उड़ानों पर ब्रेक लगा दिया है। इनमें इंडिगो और अकासा एयर के नाम प्रमुख हैं। इंडिगो ने सऊदी अरब के लिए अपनी फ्लाइट्स को रद्द करने की मियाद को आगे बढ़ाकर 24 अक्टूबर तक कर दिया है। अकासा एयर ने भी रियाद जाने वाली अपनी फ्लाइट को 24 अक्टूबर तक और जेद्दा की फ्लाइट को 21 अक्टूबर तक के लिए पूरी तरह से कैंसिल कर दिया है।