Akhilesh Yadav News : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फिर निर्वाचन आयोग और सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्षता छोड़ भाजपा के इशारों पर काम कर रहा। केवल भाजपा से जुड़े लोगों को ही मतदाता सूची में प्राथमिकता दी जा रही। सपा प्रमुख के अनुसार प्रशासन के संरक्षण में बड़े पैमाने पर मतदाता सूची से छेड़छाड़ और घपलेबाजी की साजिश रची जा रही है।
भाजपा की चुनावी रणनीति पर किया प्रहार
पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश ने भाजपा की चुनावी रणनीति पर प्रहार किया और आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के समर्थकों के नाम काटना, फर्जी वोट जोड़ना, मतदान स्थल पर दबाव बनाना और मतगणना में धांधली करना सत्तापक्ष का तरीका बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब भी भाजपा की राजनीतिक पकड़ ढीली होती है, वह संस्थाओं की आड़ में छिप जाती है।
19 लाख फर्जी मतदाताओं का दावा
सपा प्रमुख ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की सतर्कता की वजह से प्रदेश में अब तक करीब 19 लाख फर्जी मतदाता उजागर किए गए हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लोनी और साहिबाबाद जैसे क्षेत्रों में हजारों फर्जी नाम जोड़े गए हैं, जबकि जिन सीटों पर हार-जीत का अंतर कम रहा था, वहां जानबूझकर वोट बढ़ाए जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और कर्मचारियों पर बढ़ते दबाव का मुद्दा भी उठाया।