उत्तर प्रदेश में चुनावी हलचल के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने एक-दूसरे से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस दौरान छात्रों और शिक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। आशुतोष रांका ने गुरूवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के जनेश्वर मिश्रा ट्रस्ट में अखिलेश यादव से मुलाकात की। यह मुलाकात कॉकरोच जनता पार्टी की पहल पर हुई। बैठक में छात्रों की पढ़ाई, परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर बात हुई।  

छात्रों और शिक्षा के मुद्दों पर हुई चर्चा 

मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव और आशुतोष रांका ने छात्रों से जुड़े विषयों पर बातचीत की। इसमें खास तौर पर जेन-जी और जेन अल्फा के युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा परीक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों को बेहतर शिक्षा देने के विषय पर भी बातचीत हुई। वहीं, बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि छात्रों को अच्छी और सस्ती शिक्षा मिलनी चाहिए। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर बेहतर करने और छात्रों के लिए अच्छा माहौल बनाने की जरुरत पर भी चर्चा हुई। अखिलेश यादव ने आशुतोष रांका को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी छात्रों के हितों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों का हित सबसे जरुरी है और शिक्षा मामले में राजनीति की जगह नहीं होनी चहिए।  

यूपी में पैर जमाने की कोशिश कर रही सीजेपी 

कॉकरोच जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका का लखनऊ दौरा और अखिलेश यादव से मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों की इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, मुलाकात में मुख्य रूप से छात्रों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर ही बातचीत होने की बात सामने आई है।  

जयपुर में आशुतोष रांका पर हुआ था हमला 

इस मुलाकात का एक और पहलू भी है। 21 अगस्त को जयपुर में आशुतोष रांका पर हमला हुआ था। इस घटना की अखिलेश यादव ने निंदा की थी। उन्होंने इस घटना को बेहद निंदनीय बताया था। जानकारी के मुताबिक, आशुतोष रांका बगरू इलाके के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में एक सरकारी प्राथमिक स्कूल का दौरा करने पहुंचे थे। वह स्कूलों का दौरा शुरू करने वाले थे। इसी दौरान वहां कुछ ग्रामीणों ने सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद आशुतोष रांका के काफिले पर पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई। इस घटना में उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। इस मामले को लेकर अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी थी और भाजपा सरकार पर सवाल उठाए थे। अब अखिलेश यादव और आशुतोष रांका की करीब डेढ़ घंटे की मुलाकात ने राजनीतिक चर्चा को और बढ़ा दिया है। बैठक में छात्रों और शिक्षा के मुद्दों पर बातचीत को पक्षों के लिए अहम माना जा रहा है।