आपने हमेशा सुना होगा कि सेब ही स्वस्थ सेहत का असली राज है। दिन का एक सेब खाने से आप डॉक्टर से दूर रह सकते हैं, लेकिन अगर हम कहें कि मामला कुछ और है तो? सेब गुणकारी तो होता है, लेकिन इसे खाने से आपको कुछ समस्याओं का भी सामना करना पड़ सकता है। सेब खाने के 5 साइड इफेक्ट्स होते हैं जिनके बारे में बेहद ही कम लोगों को पता होता है। इस फल को खाकर आपका न सिर्फ वजन बढ़ सकता है, बल्कि आपको पथरी जैसी समस्याएं भी आ सकती हैं। तो चलिए जानते हैं कि सेब खाने के क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं। 

डाइजेशन की समस्या 

खाली पेट सेब खाना काफी खराब फैसला हो सकता है। इससे आपको पाचन संबंधी समस्याएं झेलनी पड़ सकती हैं। इसमें मिठास काफी ज्यादा होती है, जिससे आपको गैस और पेट फूलने की शिकायत महसूस हो सकती है। सेब खाकर कुछ लोगों को दस्त भी हो सकते हैं। सेब खाना गलत नहीं है, बस आपको इसे खाली पेट खाने से बचना चाहिए और मात्रा का भी ध्यान रखना चाहिए। 

एलर्जी की समस्या 

कुछ लोगों को सेब से एलर्जी भी हो सकती है। ये सुनकर शायद विश्वास करना मुश्किल लगता है, लेकिन सच यही है कि अक्सर कुछ लोगों को किसी न किसी फल से एलर्जी होती है। ऐसे में अगर आपको भी सेब से एलर्जी होती है तो आपके होंठ और मुंह पर खुजली या सूजन भी आ सकती है। इतना ही नहीं कुछ लोगों को सेब खाकर छीकें भी आती हैं और किसी की आंखों से पानी भी आता है। 

दांतों की सड़न की समस्या 

सेब हमेशा मीठा होता है। इसमें चीनी की मात्रा अधिक होती है, जिससे दांतों में सड़न की समस्या हो सकती है। सेब में मौजूद रस से मुंह के बैक्टीरिया बढ़ जाते हैं। वो उस रस को पीते हैं और आपके दांतों में कीड़े लग सकते हैं। इतना ही नहीं पैकेज्ड जूस एसिडिक होता है, जिससे दांतों की ऊपरी परत डैमेज हो सकती है।  

पथरी का खतरा 

सेब के रस में ऑक्सलेट मौजूद होता है और इसके अत्यधिक सेवन से गुर्दे में पथरी पैदा हो सकती है। ये पथरी पैदा होने का मुख्य कारण हो सकता है। ऐसे में इसे नियंत्रित मात्रा में खाना ही सही रहेगा। 

वजन बढ़ने की समस्या 

अगर हम सेब खाते हैं तो ज्यादा मात्रा में नहीं खाते। वहीं, अगर हम इसे जूस के रूप में ग्रहण करते हैं तो अक्सर ज्यादा मात्रा में कंज्यूम कर लेते हैं। जूस पीने से पेट आसानी से नहीं भरता और ऐसे में लोग एक से ज्यादा सेब का रस पी जाते हैं और इसमें मौजूद चीनी से वजन बढ़ने का समस्या हो सकती है।