उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में दुर्गा मंदिर के बाहर हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार रात मंदिर में आरती के बाद सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर किया गया है।
आरती के बाद वीडियो देख रहे थे ग्रामीण
रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे बलरामपुर देहात क्षेत्र के चरनगहिया बेलहा गांव में दुर्गा मंदिर के सामने हुआ। आरती समाप्त होने के बाद कुछ ग्रामीण सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे थे। उसी दौरान गौरा चौराहे की ओर जा रही एक अनियंत्रित कार टेंट को तोड़ती हुई लोगों को कुचलकर निकल गई। अचानक हुए इस हादसे के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुल सात लोग घायल हुए, जिनमें से तीन ने दम तोड़ दिया।
तीन ग्रामीणों की मौत से परिवारों में मातम
इस दर्दनाक हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) की जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, दुर्घटना में छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पीड़ित चरनगहिया-बेलहा गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
दो घायलों को बहराइच किया गया रेफर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण घायलों की मदद के लिए आगे आए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बहराइच रेफर कर दिया गया। बाकी घायलों का भी उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।