'बिग बॉस सीजन 20' अभी कुछ दिन पहले ही शुरू हुआ है। अभी इस शो से एक भी कंटेस्टेंट की एग्जिट नहीं हुई है और वाइल्ड कार्ड की एंट्री को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कंटेस्टेंट्स भी एक-दूसरे से वाइल्ड कार्ड को लेकर सवाल-जवाब करते हुए नजर आ रहे है। इसी बीच एक पॉपुलर एक्टर ने खुद अपनी 'बिग बॉस सीजन 20' में वाइल्ड कार्ड एंट्री का हिंट दे दिया है। ये एक्टर इन दिनों रोहित शेट्टी के स्टंट शो 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 15' में नजर आ रहे हैं। साथ ही उनकी एक्स गर्लफ्रेंड भी 'बिग बॉस' के इस सीजन का हिस्सा हैं।
ये एक्टर बन सकता है वाइल्ड कार्ड
अब तो आप समझ ही गए होंगे कि यहां किसकी वाइल्ड कार्ड एंट्री की बात हो रही है। अगर आप अभी भी अंदाजा नहीं लगा पा रहे हैं तो बता दें, यहां उदिति सिंह के एक्स बॉयफ्रेंड यानी एक्टर करण वाही की बात हो रही है। हो सकता है कि इस सीजन 'बिग बॉस' के घर में करण वाही भी दिखाई दें। ऐसा हम नहीं कह रहे, बल्कि खुद करण वाही इस बात का हिंट लगातार सोशल मीडिया पर देते हुए नजर आ रहे हैं। अब करण ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बार फिर इन रूमर्स को हवा दे दी है। करण वाही का लेटेस्ट पोस्ट देखकर फैंस भी एक्साइटेड हो गए हैं।
करण वाही ने दिया BB 20 में एंट्री का हिंट
करण वाही ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी एक तस्वीर शेयर की है। इसमें वो UNO कार्ड्स के साथ पोज देते हुए नजर आ रहे हैं। इस फोटो को शेयर करते हुए करण वाही ने लिखा, 'UNO में मेरा फेवरेट कार्ड- वाइल्ड कार्ड।' अब उनके इस पोस्ट को देखकर फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि यहां करण वाही का इशारा 'बिग बॉस' की तरफ है। आपको बता दें, करण वाही और अविनाश मिश्रा एक बार पहले भी व्लॉग में 'बिग बॉस' को लेकर बात करते हुए दिखाई दे चुके हैं। इस दौरान अविनाश ने करण और उदिति के कनेक्शन पर चुटकी भी ली थी।
उदिति कैसे करेंगी एक्स का सामना?
अब करण वाही वाकई इस सीजन में नजर आए तो शो में काफी कुछ नया देखने को मिल सकता है। करण वाही को लेकर उदिति बाकी कंटेस्टेंट्स से बात करती हुई भी नजर आई थीं। उदिति ने बिना नाम लिए कहा था कि अगर उनके एक्स को इस सीजन में आना होता तो आ चुके होते। उन्हें नहीं लगता कि उनके एक्स वाइल्ड कार्ड बनकर आएंगे। अगर वो आते भी हैं तो वो उन्हें भी इग्नोर कर सकती हैं। अब ये देखना मजेदार होगा कि करण वाही 'बिग बॉस सीजन 20' का हिस्सा बनते हैं या नहीं।