'बिग बॉस 20' में काजी तौकीर सबसे पॉपुलर कंटेस्टेंट बनकर सामने आ रहे हैं। उनकी एनर्जी और शो में कंट्रीब्यूशन इतना ज्यादा है कि लोग उन्हें बेहद पसंद कर रहे हैं। खुद शो के होस्ट सलमान खान भी काजी की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए। वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने जमकर काजी की तारीफों में कसीदे पढ़े और पूरा एपिसोड उन्हीं के नाम कर दिया। इस बात से कहीं न कहीं मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी चिढ़ती हुई नजर आईं। वैसे तो काजी और रीति की शो में अच्छी बनती है, लेकिन उस एपिसोड के बाद से वो काजी से अलग तरह का बर्ताव करती हुई नजर आ रही हैं। 

रीति तिवारी ने काजी से की बदतमीजी!

पहले तो जब सलमान खान ने रीति को कहा कि वो शो में खुलकर खेलें क्योंकि वो अलग इंसान हैं और उनके पिता मनोज तिवारी अलग हैं। वो कुछ भी करेंगी तो उससे उनका नाम बनेगा या बिगड़ेगा ना की उनके पिता का। इस बात से बाकी घरवाले भी सहमत दिखे। वहीं, जब सलमान खान गए तो रीति तिवारी रोती हुई नजर आईं और जब काजी ने उनसे बात करने की कोशिश की तो उन्होंने काजी के साथ बदतमीजी कर दी। रीति तिवारी ने बिना बात काजी को 'शट अप' कह दिया, जबकि काजी का उनका मजाक उड़ने या उनसे बदतमीजी करने का कोई इरादा नहीं था। ये देखकर वो खुद भी दंग रह गए। 

कनिका के सामने रीति ने दिखाई अपनी इनसिक्योरिटी 

जब काजी ने खुद के लिए आवाज उठाई तो रीति तिवारी ने उनसे माफी मांगी और बताया कि उन्हें गलतफहमी हो गई थी। ये सुनकर काजी ने फौरन रीति को माफ कर दिया। हालांकि, रीति के मन में अभी भी काजी को लेकर कुछ जलन नजर आ रही है। हालिया एपिसोड में रीति ने काजी को लेकर अपनी इनसिक्योरिटी साफ जाहिर की है। उनकी बातें सुनकर ऐसा लगा कि वो शो में काजी के होने से इनसिक्योर हैं। दरअसल, रीति तिवारी को कनिका के साथ बैठकर ये बोलते हुए सुना गया कि 'काजी की बहुत पिक मी एनर्जी लगती है। वो एक सिंगर हैं। मैं इस रियलिटी शो में आई हूं क्योंकि मैं रॉकस्टार हूं। मुझे अपनी ब्रांड प्लेसमेंट एक ऐसी इमेज बनानी है और वो बंदे (काजी) यहां पर हैं।'

काजी की वजह से नहीं दिख पा रहीं रीति?

रीति तिवारी ने आगे कहा, कल पूरा सेटअप उनके इर्द-गिर्द था। कल उन्हें वो सभी चीजें बोली गईं, जो मैं शायद अपने बारे में सुनना चाहती हूं तो मुझे हिट नहीं होगा क्या? उनकी वजह से मैं खुद को यहां प्लेस नहीं कर पा रही हूं। वो वैसे हैं और मैं वैसे बन नहीं सकती।' रीति तिवारी की ये बातें सुनकर अब सोशल मीडिया यूजर्स भी उन्हें इनसिक्योर बता रहे हैं। काजी की पॉपुलैरिटी और उनका ऑरा देखकर ऐसा लगता है कि रीति जेलस हैं।