Bihar Political News : पवित्र नवरात्र पर बिहार की राजनीति में जुबानी जंग चरम पर पहुंच गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव की तुलना 10 सिर वाले रावण से कर डाली है। BJP के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने तेजस्वी पर झूठे और खोखले वादे करने, अपराधियों को अपनी शरण देने, परिवारवाद को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बहुचर्चित लैंड फॉर जॉब्स के मामले को भी उठाया। उन्होंने मांग की कि गरीबों तथा पिछड़ों से जमीनें छीनकर उन्हें फौरन वापस की जानी चाहिए।
5.5 लाख नौकरियां देने का दावा
बीजेपी के इन हमलों पर राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव के उस 17 महीने के छोटे से कार्यकाल का विशेष हवाला दिया, जिसमें उन्होंने काम करने का दावा किया था। राजद का कहना है कि उस दौरान 5.5 लाख नौकरियां दी गईं। 3.5 लाख रिक्तियां छोड़ी गईं और तो और 70 दिनों के रिकॉर्ड समय के भीतर 2.17 लाख शिक्षकों की बंपर बहाली की गई थी।
सोशल मीडिया पर BJP का हमला
BJP के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर तेजस्वी यादव को घेरा। उन्होंने तेजस्वी के सियासी चेहरे पर कटाक्ष करते हुए लिखा कि तेजस्वी यादव का रावण रूप अब किसी से छिप नहीं रहा, जिनके 10 सिर हैं। जो 10 तरह के झूठ बोलते हैं। बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि तेजस्वी युवाओं को रोजगार दिलाने के नाम पर छलावा कर रहे। उनके दौर में अपराधियों को संरक्षण मिला। बिहार को फिर से पुराने और डरावने जंगलराज की तरफ धकेलने की साजिश रची जा रही। परिवारवाद और भ्रष्टाचार पर नीरज शर्मा ने तंज कसा कि तेजस्वी की राजनीति इस महान राज्य को वापस अंधेरे व पिछड़ेपन के गर्त में ले जाने का काम कर रही।
लैंड फॉर जॉब्स घोटाले को लेकर गरमाई सियासत
बीजेपी ने बयानों में नौकरी के बदले जमीन लेने वाले बहुचर्चित प्रकरण को भी उठाया। प्रवक्ता ने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन गरीब एवं पिछड़े वर्ग के लोगों से नौकरियां देने के नाम पर जबरन जमीनें लिखवाई गई थीं, उन परिवारों को उनका हक तथा जमीनें वापस मिलनी चाहिए। आज का बिहारी मतदाता पूरी तरह जागरूक हो चुका है। वह किसी अन्याय के खिलाफ चुप बैठने वाला नहीं है।
'महागठबंधन सरकार में खत्म हुई थी नफरत की राजनीति'
RJD प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि महागठबंधन की सरकार में राज्य से नफरत और द्वेष की राजनीति समाप्त हो गई थी। हर तरफ भाईचारा एवं प्रेम था। एजाज अहमद ने कहा कि जो लोग खुद हमेशा युवाओं को रोजगार और हक से दूर रखते हैं, वो दूसरों पर अंगुली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकें।