दलेर मेंहदी का उत्तराखंड में सांस्कृतिक कार्यक्रम से जो वीडियो वायरल हुआ उस पर अब FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) का रिएक्शन सामने आया है। उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने लाइव परफॉरमेंस के दौरान जिस तरह से सिंगर को रोककर उन्हें धमकाया है, उस पर बहस तेज हो गई है। मंत्री सुबोध उनियाल के बुरे बर्ताव के बाद पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री दलेर मेहंदी के साथ खड़ी हो गई है।इसी बीच अब FWICE ने भी ये कन्फर्म कर दिया है कि दलेर मेहंदी पर लगे शराब पीने के आरोप झूठे हैं। सिंगर शराब नहीं पीते और न ही कोई और नशा करते हैं।
दलेर मेहंदी के अपमान पर FWICE ने जताई चिंता
वहीं, बीच स्टेज किए गए सिंगर दलेर मेहंदी के अपमान को लेकर अब इस फेडरेशन ने देश के पीएम को चिट्ठी लिखी है। FWICE ने इस ममले पर पीएम मोदी का ध्यान खींचा है। उन्होंने अपने लेटर में लिखा, FWICE की ओर से हम आपका ध्यान मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी के साथ हुए हालिया किस्से की तरफ खींचना चाहते हैं, जिनका उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा नवरात्री से जुड़े कम्युनिटी इवेंट के दौरान पब्लिक्ली अपनाम किया गया। दलेर मेहंदी के परफॉरमेंस के दौरान माननीय मंत्री स्टेज पर आए और उन्हें बीच में रुकने के लिए कहा। उनकी फिजिकल कंडीशन, उनके बोलने या खड़े होने की क्षमता और वो लाइव गा रहे थे या लिप-सिंक कर रहे थे, इस बात को लेकर चिंता जताई।'
पीएम मोदी को FWICE ने लिखा लेटर
FWICE ने अपने लेटर में कहा, 'हम पब्लिक इवेंट को सही ढंग से मेंटेन करने की अहमियत की सराहना करते हैं, लेकिन इस तरह की चीजों को पब्लिक में डांट-फटकार लगाने की जगह, सेंसिटिविटी और समझदारी के साथ समाधान निकाला जाना चाहिए। FWICE को जानकारी है कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते। हमें ये भी पता है कि वो स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं और हाल ही में हुई सर्जरी से रिकवर हो रहे हैं। ये चीजें इस बात पर को हाईलाइट करती हैं कि किसी आर्टिस्ट की कंडीशन के बारे में कोई निष्कर्ष निकालने से पहले नियंत्रण रखना चाहिए, और पूरी संवेदना और प्रोफेशनलिज्म से प्रतिक्रिया देनी चाहिए।'
आर्टिस्ट्स को लेकर लिखी बात
FWICE ने लेटर में आगे लिखा, 'सर, आर्टिस्ट हमारे राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत का एक कीमती हिस्सा हैं। अपने टैलेंट, डेडिकेशन और सालों की कड़ी मेहनत से वो लाखों लोगों को एंटरटेन करते आए हैं, हमारे आर्टिस्ट्स के ट्रडिशन को बचाएं और दुनिया भर में भारत को पहचान दिलाएं। दलेर मेहंदी इंडियन म्यूजिक का बड़ा नाम हैं और इस वाक्य ने मनोरंजन जगत में काफी चिंता पैदा कर दी है। FWICE मानता है कि आर्टिस्ट्स के साथ अच्छे से और प्रोफेशनली बर्ताव किया जाना चाहिए, चाहे उनका कद या परिस्थितियां कुछ भी हों। अगर कोई आर्टिस्ट ठीक नहीं है, तो प्राथमिकता उनकी भलाई सुनिश्चित करने और उन्हें मदद देने पर होनी चाहिए, न कि लोगों के सामने उन्हें शर्मिंदा करने पर।'