दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे पांच मंजिला बिल्डिंग अचानक गिर गई। हादसे के समय बेसमेंट में काम चल रहा था। पुलिस को ये शक है कि बेसमेंट में चल रहे निर्माण कार्य की वजह से इमारत का पिलर कमजोर हो गया होगा। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही क्लियर हो पाएगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया है।
मध्य प्रदेश के दो छात्रों की मौत
हादसे में मध्य प्रदेश के कटनी के रहने वाले 18 साल के अक्षत यादव की भी जान चली गई है। अक्षत दिल्ली में रहकर PGDI का कोर्स कर रहा था। मलबे से बरामद शवों में उसकी पहचान पांचवें शव के तौर पर हुई। इस हादसे में अर्पित नाम के एक और छात्र की भी मौत हुई है। दोनों छात्रों के परिवारों को घटना की जानकारी मिलने के बाद घर में दुख का माहौल है। अक्षत के परिवार वाले दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। मध्य प्रदेश पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंची और शव की पहचान समेत जरूरी प्रोसेस में मदद की।
बिल्डिंग मालिक गिरफ्तार
हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दिल्ली पुलिस ने फरार चल रहे बिल्डिंग के मालिक हरिराम बंसल (गुप्ता) को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इमारत में किस तरह के निर्माण का काम चल रहा था और क्या निर्माण के दौरान नियमों का पालन हुआ था या नहीं ।
MCD के 5 अधिकारी सस्पेंड
हादसे के बाद MCD ने भी कार्रवाई की है। MCD ने पांच अधिकारियों को ससपेंड कर दिया है। इनमें डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, SE रणवीर सिंह और EE ललित कुमार गोयल समेत पांच अधिकारी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इमारत में निर्माण कार्य की परमिशन थी या नहीं और सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। हादसे की जिम्मेदारी तय होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।