देश की राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में शुक्रवार दोपहर से यातायात प्रभावित होने की आशंका है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोपहर 3 बजे के बाद कनॉट प्लेस और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो सकती है। स्थिति को देखते हुए आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की योजना बना लें और सफर के लिए अतिरिक्त समय रखें। जहां संभव हो, निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।
इन प्रमुख सड़कों पर बढ़ सकती है परेशानी
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, प्रस्तावित सभा के कारण नई दिल्ली के कई व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- संसद मार्ग
- बाबा खड़क सिंह मार्ग
- शहीद भगत सिंह मार्ग
- पंचकुइयां रोड
- बसंत लेन
- चेल्म्सफोर्ड रोड
- मिंटो रोड
- बाराखंभा रोड
- कस्तूरबा गांधी मार्ग
- जनपथ
- रेल भवन के आसपास की सड़कें
- रफी मार्ग
इसके अलावा, सी-हेक्सागन, पटेल चौक, मंडी हाउस और विंडसर प्लेस के आसपास के इलाकों में भी यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
अशोक रोड, तिलक मार्ग और टॉलस्टॉय मार्ग पर भी नजर रखें
एडवाइजरी में गोल डाकखाना और अशोक रोड का भी उल्लेख किया गया है। खास तौर पर अशोक रोड पर जीपीओ से सी-हेक्सागन तक के हिस्से में वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तिलक मार्ग और सिकंदरा रोड पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। इन मार्गों से गुजरने वाले लोगों को निकलने से पहले संभावित जाम को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक रास्तों पर विचार करना चाहिए। ट्रैफिक की वास्तविक स्थिति के अनुसार प्रतिबंध और डायवर्जन में बदलाव हो सकता है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को क्या सलाह दी?
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और यात्रा के दौरान पर्याप्त समय लेकर निकलें। यदि कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, पटेल चौक या मध्य दिल्ली के दूसरे व्यस्त इलाकों में जाना जरूरी है, तो रास्ते की जानकारी पहले से हासिल कर लें। यातायातकर्मियों के निर्देशों का पालन करना भी जरूरी होगा। मौके की स्थिति के अनुसार कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है या उन्हें दूसरे मार्गों से भेजा जा सकता है।
प्रदर्शन के चलते जारी हुई एडवाइजरी
कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 16 अक्टूबर को प्रस्तावित सभा के मद्देनजर यह ट्रैफिक अलर्ट जारी किया गया है। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने भी सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने की घोषणा की है। ऐसे में कनॉट प्लेस जाने वाले लोगों को ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखने और संभव हो तो मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, ताकि जाम और देरी से बचा जा सके।