इमरान हाशमी के साथ सेट पर एक के बाद एक हादसे हो रहे हैं। अब फिल्म 'गनमास्टर जी9' के सेट पर इमरान हाशमी एक बड़े एक्सीडेंट से बाल-बाल बचे हैं। इस एक्सीडेंट में उनका पूरा चेहरा भी खराब हो सकता था और उनकी जान पर भी बन सकती थी। सेट पर कुछ इतना भयानक हुआ है जिसे देखकर फैंस भी दंग रह गए हैं। इमरान हाशमी के सेट का एक वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो को देखने के बाद इमरान हाशमी के फैंस भी घबरा गए हैं। 

हाशमी की गाड़ी से टकराई SUV 

दरअसल, वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि क्रेन से एक SUV हवा में लटकी हुई है और पीछे से कुछ गाड़ियां जा रही हैं। तभी हवा में लटकी SUV पलट जाती है और वो उस गाड़ी से टकराती है, जिसमें इमरान हाशमी मौजूद थे। वीडियो में नजर आ रहा है कि इमरान हाशमी गाड़ी में दरवाजा खोलकर नीचे लेटे हुए हैं और उनके चेहरे के बेहद करीब वो SUV गिरती है। जब ये गाड़ी इमरान हाशमी की गाड़ी से टकराती है तो नजारा बेहद ही खतरनाक लगता है। 

एक्टर का चेहरा बाल-बाल बचा 

अगर जरा सी भी चूक होती तो इमरान हाशमी एक बड़े हदसे का शिकार हो सकते थे। एक्टर को गंभीर चोट भी आ सकती थी। एक्टर बस बाल-बाल इस हादसे से बचे हैं। अब एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान हुआ ये हादसा कोई गड़बड़ी है या शूटिंग का हिस्सा, अभी तक इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। बस यही कहा जा रहा है कि इस दौरान किसी को कोई चोट नहीं आई है। इमरान हाशमी और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। 

कब रिलीज होगी 'गनमास्टर G9'?

आपको बता दें, फिल्म 'गनमास्टर G9' आदित्य दत्त के निर्देशन में बन रही हैं। इसमें इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया देशमुख, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह भी नजर आने वाले हैं। इस एक्शन-रोमांटिक फिल्म को 27 नवंबर, 2026 को रिलीज किया जाएगा। अगस्त में इस फिल्म की पहली झलक सामने आई थी। अब फैंस को फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।