'बिग बॉस 19' के बाद फरहाना भट्ट की किस्मत चमक उठी है। 'लैला मजनू' में साइड किरदार निभाने के बाद सलमान खान के रियलिटी शो में फरहाना ने ऐसी पर्सनालिटी दिखाई कि लोग उनके दीवाने हो गए। 'बिग बॉस 19' में फरहाना भट्ट का डेयरिंग अंदाज सामने आया था। इसी के चलते उन्हें 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 15' का ऑफर मिला। इन दिनों फरहाना भट्ट इस स्टंट बेस्ड रियलिटी शो में अपने जबरदस्त परफॉरमेंस से सबके दिल जीत रही हैं। इसी बीच ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि फरहाना को 'रोडीज सीजन 21' में गैंग लीडर बनने का मौका मिला है। अब इस मामले पर एक्ट्रेस ने रिएक्ट करते हुए फैंस को सच्चाई बता दी है। 

'रोडीज 21' में गैंग लीडर बनेंगी फरहाना?

'रोडीज सीजन 21' में गैंग लीडर का रोल ऑफर होने पर फरहाना ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने अब इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस के दिल तोड़ दिए हैं। फरहाना भट्ट ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'जो भी लोग मुझसे रोडीज के बारे में सवाल कर रहे थे उनके लिए छोटी-सी क्लैरिफिकेशन। रोडीज के इस सीजन में मैं गैंग लीडर बनकर नहीं आने वाली। खतरों के खिलाड़ी में अपना सब कुछ देने के बाद मैंने फिजिकली इंटेंस और एडवेंचर वाले शोज से छोटा-सा ब्रेक लेने का फैसला किया है।'

रियलिटी शो नहीं करना चाहतीं फरहाना 

फरहाना भट्ट ने अपने बयान में आगे कहा, 'खतरों ने मेरी बहुत सारी एनर्जी, ताकत और इमोशंस ले लिए और फिलहाल मुझे ऐसा लगता है कि मुझे सांस लेने, खुद को रीचार्ज करने और दूसरी चीजें एक्स्प्लोर करने के लिए थोड़ा वक्त चाहिए। इसका ये मतलब नहीं है कि मैं हमेशा के लिए एडवेंचर को ना कह रही हूं! मुझे उम्मीद है कि किसी और समय, कोई और मौका और कोई और चुनौती जरूर आएगी। फिलहाल के लिए, मैं अमेजिंग गैंग लीडर्स और रोडीज की पूरी टीम को ऑल द बेस्ट कहना चाहूंगी। इस सीजन को यादगार बना दो!' 

फैंस को फरहाना भट्ट ने कहा शुक्रिया

फरहाना भट्ट ने आखिर में कहा, 'और मेरे सभी फैंस को शुक्रिया कि वो हमेशा मुझे नए चैलेंज लेते हुए देखने के लिए इतने एक्साइटेड रहते हैं। आपका प्यार ही मेरे लिए सब कुछ है।' अब फरहाना का पोस्ट देखकर उनके कुछ फैंस मायूस हो गए हैं। फैंस वाकई फरहाना भट्ट को 'रोडीज सीजन 21' में गैंग लीडर बनते हुए देखने के लिए एक्साइटेड थे।