13 सितम्बर को गुरुग्राम में हुई एक घटना आज कल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। 13 सितम्बर 2026 को करीब साढ़े सात बजे के आस पास जब एक महिला बाइक राइडर सिया अपने साथियों के साथ गुरुग्राम के गोल्ड कोर्स रोड पर राइड के लिए निकली थी, तभी एक कार चालक उनकी बाइक को पीछे से जानबूझकर टक्कर मारकर वहां से फरार हो गया। ये पूरा मामला सिया की बाइक पर लगे कैमरा में कैद हो गया। 

क्या हुआ था सिया के साथ?

रिपोर्ट्स के मताबिक, रविवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे स्पोर्ट्स बाइक राइडर सिया उर्फ शिवानी चौहान अपने कुछ साथियों के साथ सुन्दर राइड पर अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक पर निकली थी। वो गुरुग्राम की सबसे चहल-पहल वाली सड़क गोल्फ कोर्स रोड से निकल रही थी। इस दौरान एक सफेद रंग की Maruti Ciaz उनका पीछा करने लगी और उसमें बैठे कुछ आदमी उनको रुकने का इशारा भी कर रहे थे। जब सिया नहीं रुकी तो उन लोगों ने चलती गाड़ी में ही उनसे बहस करना शुरू कर दिया। मामले को ज्यादा न बढ़ाते हुए उन्होंने अपनी बाइक की स्पीड तेज कर ली और आगे निकल गईं, लेकिन उन लोगों ने पीछे से सिया की गाड़ी को जानबूझकर टक्कर मारी, जिसके कारण वो रोड पर गिरी। कार सवार मौके से फरार हो गए थे। सिया के घुटनों और हाथों पर चोटें भी आईं, जिसके बाद उसे पास के ही अस्पताल में ले जाया गया। 

सिया का क्या कहना?

सिया ने ये आरोप लगाया है कि टक्कर मारने के बाद भी कार चालक ने मौके पर रुककर ये तक देखना सही नहीं समझा कि वह जिंदा है या नहीं। सिया का ये भी कहना था कि अगर कार चालकों को सिया के बाइक चलाने का तरीका गलत लगा, तो वो उनका इतनी दूर तक पीछा क्यों कर रहे थे। गाड़ी से टक्कर लगने के बाद उनकी बाइक को भी बहुत नुकसान पहुंचा, उनकी बाइक के आगे और पीछे के ब्रेक्स टूट चुके हैं और अब बाइक चलाने लायक भी नहीं बची। मौके पर मौजूद उनके साथियों ने उनको संभाला और एक राइडर ने उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर किसी सुरक्षित जगह ले गया, जिसके बाद उन्हें मदद भी मिली। 

आरोपी कल्याण बैसला अपनी सफाई में उतरे 

घटना के आरोपियों में कल्याण बैसला का नाम सामने आ रहा है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान ये बात मानने से साफ इंकार कर दिया कि टक्कर जानबूझकर मारी गई थी। उनका कहना था कि वो उस वक्त दिल्ली से गुरुग्राम आ रहे थे और कार में उनके साथ उनकी बहन और एक करीबी रिश्तेदार भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि उस वक्त सड़क पर कई राइडर्स मौजूद थे, जो उनकी गाड़ी के आगे पीछे अनियमित रूप से बाइक चला रहे थे। उनके ऐसे बाइक चलाने के कारण उनको गाड़ी चलाने में दिक्कत हो रही थी और वो परेशान हो गए। वो गाडी मोड़ने की कोशिश कर रहे थे इसलिए उन्होंने उसकी रफ्तार तेज की थी, लेकिन उस ही समय टक्कर हो गई और वो दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। वहीं, गाड़ी के मालिक ने ये भी दावा किया कि गाड़ी उनका दोस्त चला रहा था। 

दूसरे कैमरा में रिकॉर्ड हुई वारदात ने मचा दिया हड़कंप 

सिया राइड पर अपने दोस्तों के साथ निकली थी जो की भी घटनास्थल पर मौजूद थे। जब गाड़ी की टक्कर हुई उसी दौरान उनके पीछे चल रहे उनके एक दोस्त के हेलमेट के कैमरा में भी ये पूरी वारदात कैद हो गई। जब ये वीडियो सामने आया तो उसने सोशल मीडिया पर भूचाल मचा दिया क्योंकि वीडियो में साफ तौर पर नजर आ रहा था कि कार चालक पहले रुकने के इशारे लगातार कर रहा था और सिया के ना रुकने के बाद कार सीधे बाइक की तरफ मुड़ती हुई नजर आती है और उसको टक्कर मारकर फरार होती हुई भी दिखती है। ये वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित सिया ने आरोपी की सफाई पर कथित तौर पर सवाल खड़े किए और ये भी कहा कि दुर्घटना बताकर सहानुभूति बटोरने की कोशिश की जा रही है। 

पुलिस ने संभाला मोर्चा 

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले का संज्ञान लिया। गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज करने के बाद जांच की शुरुआत की। जांच की शुरुआत में BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था, लेकिन वीडियो फुटेज और CCTV की जांच के बाद मिले सबूतों के आधार पर हत्या के प्रयास में धारा 109 भी जोड़ दी गई। आरोपी की तलाश में भी पुलिस तुरंत जुट गई। कई टीमें बनाई और दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा जिले से गिरफ्तार कर लिया। 

सिया की मांग और उनके पिता का बयान 

सिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि वो अब मामले को लेकर शांत नही रहेगी और इस केस के आधार पर एक मिसाल कायम की जाए, ताकि भविष्य में सड़क पर किसी और महिला के साथ ऐसे ही कोई दुर्घटना न हो। उन्होंने पुलिस को भी अपना बयान दे दिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग भी रखी है। पीड़ित बाइकर के पिता रोशन चौहान ने बताया कि जब मामले की जानकारी के बाद वो थाने पहुंचे थे तब तक पुलिस पहले से ही FIR दर्ज कर चुकी थी।