गुरुग्राम हिट एंड रन केस में नया खुलासा हुआ है। आरोपियों ने रात में पार्टी की थी। सुबह आरोपियों ने लेडी राइडर पर कुछ कमेंट्स किए थे और फिर उसका पीछा करना शुरू कर दिया था। कार में 4 लोग सवार थे, जिसमें से 2 आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं और 2 आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। आरोपी की पहचान कल्याण बैंसला और लवनिश के नाम से हुई है। फिलहाल 2 आरोपियों का पुलिस पता लगा रही है। क्राइम ब्रांच के खास सूत्रों की मानें तो आरोपियों को दौसा के पास से गिरफ्तार करने के बाद लगातार पूछताछ की जा रही है। मंगलवार की रात काई घंटे आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि जो दो आरोपी भागे हैं वो बिहार के रहने वाले हैं। आरोपियों के नामों को अभी पब्लिक नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही उन आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
गोल्फ कोर्स रोड पर ले जाकर दोहराए सीन
लेडी बाइक राइडर सिया के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर हुई हिट एंड रन और बदतमीजी की वारदात के बाद पुलिस की जांच काफी तेजी से चल रही है। राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर गुरुग्राम लाए गए दोनों आरोपियों को क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार की रात सीधे गोल्फ कोर्स रोड लेकर पहुंची। जहां जांच के तहत सीन दोहराया गया। पुलिस आरोपियों को उन सभी जगहों पर ले गई, जहां उन्होंने सिया पर कमेंट किए, उनका पीछा किया और बाइक को टक्कर मारकर कार लेकर भाग गए।
2 दिन की रिमांड पर आरोपी
रविवार को गुरुग्राम में हुई हिट एंड रन की वारदात के बाद पुलिस ने दोनों आरोपी कल्याण बैंसला और लवनिश को बुधवार दोपहर को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने कल्याण बैंसला और लवनिश को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। साथ ही शुरू से लेकर आखिर तक क्या और कैसे हुआ, पुलिस उन इन सभी की छानबीन में लगी है। साथ ही दोनों फरार आरोपियों का पता लगा रही है।
अब तक गुरुग्राम केस में क्या हुआ?
गुरुग्राम हिट एंड रन की वारदात सुबह 13 सितम्बर रविवार की है, जिसमें एक महिला बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ सिया पर कार में सवार 4 लोगों ने कमेंट्स किए थे और उनका पीछा कर अपनी कार से उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर राजस्थान के दौसा से उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। मामले को देखते हुए बीएनएस की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और 78 (स्टॉकिंग) लगाई गई गई।
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मिलेनियम सिटी में हुई इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है। पुलिस को मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई हो और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। साथ ही ऐसे वारदातों को जड़ से खत्म किया जा सके।