आमिर खान के भांजे इमरान खान के लिए प्रोटेस्ट में शामिल होना एक बड़ी मुसीबत बन चुका है। जब प्रोटेस्ट से इमरान खान को डिटेन किया गया तो वो बेहद कूल बर्ताव कर रहे थे और इस बात की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। लोगों ने भी प्रोटेस्ट का हिस्सा बनने पर इमरान खान की खूब तारीफ की, लेकिन जब उन्हें भारत छोड़ने का नोटिस मिला तो इमरान खान अपनी बात से पलटते हुए नजर आ रहे हैं। इमरान खान के वकील अब कुछ और ही कहानी सुनाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
भारत छोड़ो आदेश पर एक्टर के वकील का बयान
आपको बता दें, इमरान खान के पास इंडियन सिटीजनशिप नहीं है और इसलिए उनके पास भारत में होने वाले किसी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का हक भी नहीं है। ऐसे में मुंबई प्रोटेस्ट का हिस्सा बनकर इमरान खान परेशानी में पड़ गए हैं। अब FRRO (फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस) ने एक्टर को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का आदेश दे दिया है। ऐसे में अब एक्टर के वकील का बयान सामने आया है। वो इस मामले में इमरान के बचाव में बातें करते हुए नजर आए।
'इमरान ने प्रोटेस्ट में नहीं लिया हिस्सा'- वकील
इमरान खान के वकील जुल्फिकार मेमन, परवेज मेमन और चिराग नाइक ने अब दावा किया है कि इमरान ने प्रोटेस्ट में हिस्सा नहीं लिया था। वो तो बस नाना चौक से गुजर रहे थे और उनके रस्ते में बैरिकेडिंग थी। तभी मीडिया ने उन्हें घेरकर सवाल पूछना शुरू कर दिया था। इमरान खान के वकील अब मुंबई पुलिस से उस इलाके के सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन फुटेज से ये बात साबित हो जाएगी कि इमरान सिर्फ उस इलाके से निकल रहे थे और उनका प्रोटेस्ट में शामिल होने का कोई इरादा ही नहीं था।
प्रोटेस्ट में मीडिया से क्या बोले थे इमरान खान?
आपको बता दें, प्रोटेस्ट के दौरान इमरान खान ने मीडिया को बयान देते हुए कहा था कि वो वहां एक नागरिक, एक ऐसे शख्स के तौर पर आए हैं जो इस शहर में रहता है। वो ये देखना चाहते थे कि लोगों की फ्रीडम ऑफ मूवमेंट क्यों रोकी जा रही है और उनकी आवाजों को क्यों दबाया जा रहा है। अब क्या असल में इमरान प्रोटेस्ट में शामिल होने के लिए नहीं आए थे ये तो पुलिस की जांच के बाद ही पता चलेगा।