दिल्ली के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक की रैली आयोजित की जा रही है। विपक्षी दल इस कार्यक्रम के जरिए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रैली को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। बीजेपी ने अपने पोस्ट में इसे ‘ठगों का मेला’ करार दिया और कांग्रेस को घेरा।
SIR और वोटर लिस्ट को लेकर विपक्ष का विरोध
विपक्षी दलों का आरोप है कि अलग-अलग राज्यों में SIR प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए। INDIA ब्लॉक के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप भी लगाया है। विपक्ष का कहना है कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को सामने लाने के लिए यह रैली आयोजित की जा रही है। वहीं, चुनाव आयोग ने SIR प्रक्रिया को कानूनी बताया है और बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।
रैली को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के इंतजाम
रामलीला मैदान में रैली के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दिल्ली पुलिस ने 4,000 से अधिक जवानों की तैनाती की है। निगरानी के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। आयोजकों ने बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने का अनुमान जताया है, जबकि पुलिस का शुरुआती अनुमान करीब 50 हजार लोगों का है। रामलीला मैदान में होने वाली रैली को लेकर बीजेपी और INDIA ब्लॉक के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष इसे मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ा मुद्दा बता रहा है, जबकि बीजेपी ने रैली और कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाए हैं।