America Hindu Temple News : अमेरिका के इलिनॉय राज्य में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हिंसा और गोलीबारी की साजिश रचने का मामला सामने आया है। इस पर भारत ने गहरी चिंता और कड़ी आपत्ति जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह साजिश भारत विरोधी और नस्लवादी मानसिकता को दर्शाती है। भारतीय पक्ष ने अमेरिकी प्रशासन से आग्रह किया है कि वे इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच करवाएं, दोषियों को कठोर सजा दें और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस को गिरफ्तार किया है। एलेक्जेंड्रोस पैलेटाइन के एक रेस्तरां में कैशियर है। इसके पास से नफरती पत्र बरामद हुआ है, जिसमें व्हाइट सुप्रीमेसी (श्वेत सर्वोच्चता) की भावना और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा भड़काने की बातें लिखी थीं। एक अन्य व्यक्ति द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी ने मास शूटिंग का एक नक्शा भी शेयर किया था, जिसमें घातक हथियारों और सैन्य उपकरणों की तस्वीरें थीं। पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
ऑरोरा में 3 हिंदू मंदिर
ऑरोरा में 3 हिंदू मंदिर हैं। पुलिस ने आरोपी कोपैलेटाइन स्थित उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को जानकारी उसके साथ काम करने वाले कर्मी से मिली थी। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां जज ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पूर्व में हुईं घटनाएं
अमेरिका में कुछ समय में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाए जाने की कई घटनाएं सामने आई हैं। अक्टूबर 2026 में अमेरिका के ओहायो राज्य के ग्रेटर क्लीवलैंड क्षेत्र स्थित हिंदू मंदिर पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने ईंटों से वार कर मंदिर की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और इमारत को काफी नुकसान पहुंचाया। यह घटना ऐसे समय हुई, जब स्थानीय समुदाय हिन्दू हेरिटेज मंथ और नवरात्रि उत्सव की तैयारियों में जुटा था। इससे पहले न्यूयॉर्क (मेलविल) और कैलिफोर्निया (सैक्रामेंटो, नेवार्क) स्थित बीपीएस स्वामीनारायण मंदिर समेत कई अन्य मंदिरों को निशाना बनाया जा चुका है।