भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस मैच में भारतीय टीम की नजरें सीरीज पर कब्जा जमाने पर होंगी। भारत फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है। ऐसे में एक और जीत उसे सीरीज जिता देगी, जबकि वेस्टइंडीज की टीम मुकाबला जीतकर सीरीज को निर्णायक मैच तक ले जाने की कोशिश करेगी।

हैदराबाद में भारत का शानदार रिकॉर्ड

हैदराबाद का मैदान भारतीय टीम के लिए अब तक भाग्यशाली रहा है। भारत ने यहां खेले गए अपने तीनों टी20 इंटरनेशनल मुकाबले जीते हैं। टीम इंडिया ने इसी मैदान पर साल 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ 297 रन बनाए थे, जो टी20 इंटरनेशनल में उसका सबसे बड़ा स्कोर है। इस मैदान पर पिछले कुछ वर्षों में बड़े स्कोर देखने को मिले हैं। हाल में पिच को दोबारा तैयार किया गया है, इसलिए बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच मुकाबला कैसा रहता है। मैदान के पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए एक बार फिर हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद की जा रही है।

सीरीज में भारत का पलड़ा भारी

दोनों टीमों के बीच अब तक 34 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 22 मैच जीते हैं, जबकि वेस्टइंडीज को 11 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। मौजूदा सीरीज में भी भारत ने बेहतर स्थिति बनाई हुई है। टीम को सीरीज अपने नाम करने के लिए सिर्फ एक जीत की जरूरत है। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि हारने पर उसके हाथ से सीरीज निकल जाएगी।

श्रेयस अय्यर और शेरफेन रदरफोर्ड पर रहेंगी नजरें

भारतीय बल्लेबाजी में श्रेयस अय्यर ने सीरीज के शुरुआती तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने तीन मुकाबलों में 143 रन बनाए हैं और टीम के प्रमुख रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं। वेस्टइंडीज की ओर से शेरफेन रदरफोर्ड बेहतरीन लय में हैं। उन्होंने तीन मैचों में 172 रन बनाए हैं और तेज बल्लेबाजी से भारतीय गेंदबाजों के सामने चुनौती पेश की है। कैरेबियाई टीम को उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी।गेंदबाजी में भारत के नमन धीर ने भी प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने सीरीज के तीन मैचों में पांच विकेट लिए हैं। भारतीय टीम चाहेगी कि उसके गेंदबाज वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाजों पर अंकुश लगाएं और अहम मौकों पर विकेट निकालें।

पिच और ओस बन सकती है अहम फैक्टर

हैदराबाद की पिच पर बड़े स्कोर बनने का इतिहास रहा है। पिच को हाल में दोबारा तैयार किए जाने के कारण परिस्थितियों का आकलन मैच के दौरान ही बेहतर तरीके से हो सकेगा। शाम के मुकाबले में ओस भी भूमिका निभा सकती है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना आसान हो सकता है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है। लेकिन अगर पिच पर गेंदबाजों को मदद मिली, तो बल्लेबाजों के लिए रन बनाना उतना आसान नहीं होगा। ऐसे में दोनों टीमों की रणनीति और शुरुआती ओवरों का प्रदर्शन मैच की दिशा तय कर सकता है।

कब और कहां होगा मुकाबला?

भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथा टी20 इंटरनेशनल मैच 14 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। भारत के पास सीरीज जीतने का मौका है, जबकि वेस्टइंडीज के लिए यह मुकाबला वापसी की उम्मीद बनाए रखने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।