BJP Reaction On Mallikarjun Kharge : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए 'बाप भी जाएगा' वाले बयान पर देश की सियासत में जबरदस्त भूचाल आ गया है। इस बयान के सामने आते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी के कई बड़े नेता खुलकर मैदान में उतर आए हैं और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने पटना में पीएम मोदी के परिवार और उनके दिवंगत पिता के बारे में बेहद अभद्र टिप्पणी करके शालीनता की सारी हदें पार कर दी हैं। अमित शाह ने कहा कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस ने पीएम या उनके परिवार को निशाना बनाया हो। इससे पहले कभी उनकी माताजी पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा गया, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया गया। राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए अमित शाह ने कहा कि पिछले 12 सालों में लगातार मिल रही चुनावी हार के कारण कांग्रेस पार्टी इतनी हताश और निराश हो चुकी है कि अब उसके पास न तो कोई नीति बची है और न ही कोई मुद्दा, उसके पास केवल गाली-गलौज की राजनीति ही शेष रह गई है। उन्होंने दावा किया कि जनता के साथ-साथ कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के बीच भी आधार खोती जा रही है और जब-जब इन्होंने पीएम मोदी या उनके परिवार पर गंदी टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने इन्हें करारा जवाब दिया है।

नितिन नवीन और सीएम योगी ने की माफी की मांग

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी इस बयान पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस के वैचारिक रूप से खोखले होने का सबूत है। राजनीतिक विरोध की अपनी एक मर्यादा होती है, लेकिन दिवंगत परिजनों को भाषणों में घसीटना अब पूरे विपक्ष का असली चाल-चरित्र बन चुका है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस से तुरंत माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में अपशब्द का दूसरा नाम बन चुकी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता और देश के प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के प्रति की गई टिप्पणी पूरी तरह अक्षम्य और निंदनीय है। सीएम योगी ने कहा कि यह बयान 145 करोड़ भारतवासियों की भावनाओं का सीधा अपमान है। यह लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला कृत्य है।

धर्मेंद्र प्रधान और गिरिराज सिंह का करारा पलटवार

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति कांग्रेस की नफरत किसी से छिपी नहीं है। सर्वोच्च पद की गरिमा और शालीनता बनाए रखने वाले व्यक्ति के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। नीतियों और विचारों के मोर्चे पर मुकाबला करने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही कांग्रेस अब केवल व्यक्तिगत अपमान का गंदा रास्ता चुन रही है। जनता पीएम मोदी के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और कांग्रेस की इस कुंठा का मुंहतोड़ जवाब देगी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अपने आकाओं की चाटुकारिता में कांग्रेस नेता इस हद तक गिर चुके हैं कि अब देश के चुने हुए और लोकप्रिय प्रधानमंत्री के पिता पर ओछी टिप्पणियां करने से भी नहीं चूक रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब वैचारिक रूप से मुद्दों पर बहस करने की ताकत खत्म हो जाती है, तब गहरी हताशा से ऐसी घटिया जुबान बाहर आती है।

क्या था पूरा मामला?

बता दें, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इन दिनों पटना के दौरे पर हैं, जहां वे डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। अपने भाषण के दौरान वे मतदाता सूची के SIR पर बोल रहे थे और उन्होंने कहा कि एसआईआर में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा। इसी बीच भीड़ में से एक व्यक्ति ने टोकते हुए कहा कि मोदी नहीं जाएगा। बस इसी बात पर खड़गे भड़क गए और उन्होंने आवेश में आकर कह दिया, 'मोदी का बाप भी जाएगा।'