दलेर मेंहदी के साथ उत्तराखंड के एक मंत्री ने स्टेज पर सरेआम बेइज्जत किया। सुबोध उनियाल ने इस दौरान पंजाबी सिंगर मनिंदर बुट्टर को लेकर भी आपत्तिजनक बातें की थीं। उनका दावा था कि मनिंदर बुट्टर भी उत्तराखंड में पिट के गए थे। साथ ही गुस्से में सुबोध उनियाल ने ये भी कह दिया था कि मनिंदर बुट्टर इतना पिटे कि अब उनका बाप भी यहां नहीं आ सकता। अपने और अपने पिता को लेकर की गई इन टिप्पणियों पर अब मनिंदर बुट्टर ने खुलकर बात की है। मनिंदर बुट्टर ने सोशल मीडिया पर सबको सच बता दिया है और अपने कॉन्सर्ट को लेकर बात करते हुए सुबोध उनियाल को चुनौती दे डाली है। 

मनिंदर बुट्टर ने कंट्रोवर्सी पर तोड़ी चुप्पी 

मनिंदर बुट्टर ने लाइव आकर कहा, 'मैं यही कहना चाहता हूं कि सर मेरा सारा शो अपलोड कर दो। अगर मैंने आपको शो में कुछ गलती की है- तो आप स्टेज पर आए हो, मेरे स्टेज पर आकर आपने मुझे पहाड़ी टोपी दी है। मैंने सारा शो पहाड़ी टोपी लगाकर गाया है। मैंने जिंदगी में कभी नशे में नहीं गाया। जिंदगी में कभी मेरे कोई गाना नशे पर नहीं है, मेरा कोई गाना हथियारों पर नहीं है। कभी किसी का दिल दुखाया ही नहीं, इतना चुपचाप दूर रहता हूं दुनिया से, तो मेरे साथ हुआ तो बुरा लगा क्योंकि मैं अपनी फैमिली को बहुत दूर रखता हूं।'

फैमिली को घसीटने पर फूटा गुस्सा!

मनिंदर बुट्टर ने आगे कहा, 'फैमिली की एक भी फोटो नहीं डालता, इतना दूर रखता हूं अपनी फैमिली को। मेरी फैमिली आज तक दूर थी तो बुरा लगा उनके बारे में सुनकर। बोल भी कौन रहा है वो भी एजुकेशन मिनिस्टर... आप किसी स्टेट को रिप्रेजेंट करते ही सर, तो स्टूडेंट क्या सीखेंगे आपसे? माफी चाहता हूं मेरे शब्द अगर आपको ठेस पहुंचाएं, पर आप मेरे पापा के सम्मान हो, आपकी शायद सेम ऐज होगी लेकिन आपको ऐसे शब्द नहीं बोलने चाहिए थे। मैं बस यही कहना चाहता हूं कि सच सामने आए बस। प्लीज सारा शो अपलोड कर दो आप और बताओ कि देखो यहां मनिंदर गलत है क्योंकि अब सच सामने आना ही चाहिए।'

सबूत पेश करने की रखी मांग 

मनिंदर बुट्टर ने आखिर में कहा, 'मेरा तो कोई मुकाम ही नहीं है। मैंने डेढ़ घंटा गाया और सात साल बाद कोई आपके बारे में ऐसा बोले तो... मैं शॉक में हूं सच में। वहां 7-8 हजार लोग थे, सबने गाना सुना है। मैंने पूरे इंडियन में शो किए हैं और कभी किसी का दिल नहीं दुखाया। कभी कमिटमेंट करके भागा नहीं हूं। बस एक बार लाइव शो में गुस्से में आया था।' इसके बाद मनिंदर बुट्टर ने मीका सिंह को धन्यवाद कहा। अब इस पोस्ट पर काका, एम्मी विर्क, विवेक चौधरी और सभी पंजाबी सिंगर्स और एक्टर्स का सपोर्ट देखने को मिल रहा है।