बॉलीवुड सेलेब्स इन दिनों गैंगस्टर्स के निशाने पर हैं। हाल ही में टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमला हुआ है। जांच के दौरान सामने आया है कि सलमान खान, अक्षय कुमार, आमिर खान, रोहित शेट्टी और अमिताभ बच्चन भी हमलावरों के निशाने पर थे। अभी तक ये मामले सुलझा भी नहीं है कि एक नई चौंका देने वाली खबर सामने आई है। मुंबई की मेयर को मेल के जरिए धमकी दी गई है। इस मेल में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र किया गया है। यानी अब अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ पर भी खतरा मंडरा रहा है। चलिए जानते हैं कि आखिर इस मेल में क्या है।

मुंबई की मेयर के ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी 

दरअसल, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को शुक्रवार यानी आज एक धमकी भरा ईमेल आया है। इस मेल में मेयर के ऑफिस, दिलजीत दोसांझ के इंडिया टूर कॉन्सर्ट और अमिताभ बच्चन को टारगेट करने की धमकी मिली है। ऋतु तावड़े के ऑफिस को बम से उड़ाने की बात की गई है। कहा जा रहा है कि मेयर को इससे पहले भी 2 बार धमकियां मिल चुकी हैं और ये तीसरी घटना है। मेल में धमकी दी गई है कि 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में आत्मघाती हमला हो सकता है।

अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' पर अटैक का दावा 

इतना ही नहीं इसमें ये भी लिखा गया है कि अमिताभ बच्चन के जुहू वाले बंगले 'जलसा' पर भी ग्रेनेड से हमला होगा। 27 से 30 अक्टूबर के बीच 'जलसा' को निशाना बनाया जा सकता है। वहीं, दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में भी भरी भीड़ हो सकती है, ऐसे में खतरा काफी ज्यादा है। वैसे सुरक्षा चिंताओं और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए दिल्ली के जेएलएन स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को अनुमति नहीं दी गई है। हालांकि, 27 तारीख को मुंबई में दिलजीत दोसांझ का जो कॉन्सर्ट है, उसमें अब हमला होने की आशंका है।

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए धमकी भरा मेल 

आपको बता दें, इस मेल के बाद पुलिस जांच में जुट गई है और इसे भेजने वाले की जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है। अभी तक इसे भेजने वाले का नाम पता नहीं चल पाया है। साथ ही मेल की विश्वसनीयता को लेकर भी जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल इस ईमेल को बड़ी गंभीरता से लिया जा रहा है और पुलिस हर पहलू पर जांच करेगी।