आज मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को एक खतरनाक ईमेल आया है। इस ईमेल ने पूरी मुंबई को सतर्क रहने को मजबूर कर दिया। मेल के अंदर मुंबई की मेयर के ऑफिस को बम धमाकों से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसमें कई ऐसी बातें लिखी गई हैं कि पुलिस फौरन एक्शन में आ गई। इस मेल में ऋतु तावड़े के ऑफिस के अलावा मुंबई के 3-4 स्कूलों, अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' और 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में धमके करने की धमकी दी गई है।
3:11 बजे ब्लास्ट का दावा
आपको बता दें, मुंबई पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि आज दोपहर 3:11 बजे मुंबई मेयर के ऑफिस में बॉम्ब ब्लास्ट की बात की गई है। वहीं, दोपहर 1:11 बजे एक स्कूल में बम धमाके की धमकी दी गई थी। गौर करने वाली बात ये है कि ये ईमेल भेजने वाला शख्स खुद को 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' का प्रतिनिधि बता रहा है। उसने ईमेल में 'मुंबई बॉम्बे बोलेगा' और 'खालिस्तान जिंदाबाद' जैसे नारे भी लिखे हैं।
क्या है हमले की धमकी का कारण?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेल के अंदर साल 1984 की सिख-विरोधी हिंसा का भी जिक्र किया गया है। इसके अलावा 'खून का बदला खून' जैसी बातें भी लिखी गई हैं। बता दें, उस शख्स का कहना है कि ये हमले उन लोगों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तौर पर किए जाएंगे, जिन पर सिख समुदाय को टारगेट बनाने के इल्जाम हैं। मेल में बच्चों को बचाने की वार्निंग मिली थी। ऐसे में मुंबई पुलिस ने फौरन मेयर ऑफिस में जांच शुरू कर दी और बॉम्ब तलाशने लगी। हालांकि, जांच में उन्हें कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।
जांच में पुलिस को नहीं मिला बॉम्ब
पुलिस का दावा है कि मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के ऑफिस में धमाके से जुड़ी कोई संदिग्ध वास्तु जांच के दौरान नहीं पाई गई है। दूसरी तरफ अभी तक ये धमकी भरे मेल भेजने वाले के बारे में भी जानकारी हाथ नहीं आई है। हो सकता है कि किसी ने मेल भेजकर भद्दा मजाक किया हो, लेकिन अब सेलिब्रिटीज को लेकर भी खतरा बढ़ गया है। इस तरह की चीजों से उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ भी डिस्टर्ब होती है।