Pakistan News : पाकिस्तान के बलोचिस्तान में फिर सेना को बड़ा झटका लगा है। बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने सेना के काफिले को नेस्तनाबूद कर दिया है। हमले में मेजर वजाहत समेत 7 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। घटना 18 अक्टूबर को ग्वादर जिले के पसनी इलाके में हुई। BLA के प्रवक्ता ने कहा है कि संगठन के खास दस्ते-स्पेशल टैक्टिकल ऑपरेशंस स्क्वॉड (STOS)-ने पसनी के कुबरी इलाके में शादि कौर के पास इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। विद्रोही संगठन के अनुसार पाकिस्तानी सेना का यह काफिला कुल तीन गाड़ियों के साथ गुजर रहा था। BLA के स्पेशल स्क्वॉड ने बेहद शातिर तरीके से पहले से घात लगाकर रिमोट-कंट्रोल इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) सेट किया हुआ था। जैसे ही सेना का काफिला शादि कौर के पास पहुंचा, आईईडी ब्लास्ट कर दिया गया।
गाड़ी के उड़े परखच्चे
इस रिमोट कंट्रोल धमाके की तीव्रता इतनी जबरदस्त थी कि काफिले में शामिल एक सैन्य वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। वाहन के अंदर बैठे सभी 7 सैन्यकर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मारे गए सैनिकों में मेजर वजाहत भी शामिल है। वैसे, इस सनसनीखेज हमले और भारी नुकसान को लेकर पाकिस्तानी सेना या सरकार की तरफ से आधिकारिक बयान नहीं आया है। पाकिस्तानी सैन्य तंत्र आमतौर पर ऐसे हमलों की जानकारियों को दबाने की कोशिश करता रहा है।
BLA की दो टूक : जारी रहेगा खूनी संघर्ष
हमले के बाद बलोच लिबरेशन आर्मी ने साफ कर दिया है कि उनका यह संघर्ष तब तक नहीं रुकेगा जब तक बलोचिस्तान पूरी तरह से स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र नहीं बन जाता। संगठन ने चेतावनी दी है कि सेना के कब्जे से जब तक एक-एक सैनिक पीछे नहीं हटता, तब तक उनके हथियारबंद अभियान और ज्यादा तेजी से जारी रहेंगे। आने वाले दिनों में इन हमलों को और तीव्र किया जाएगा।
बलोचिस्तान का सुलगता इतिहास और ताजा हालात
अलगाववादी संघर्ष : BLA पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में सक्रिय सबसे प्रमुख और खतरनाक विद्रोही संगठनों में से एक है। यह संगठन बलोच संसाधनों के अवैध दोहन और पाकिस्तानी सेना के शासन का लंबे समय से विरोध कर रहा है।
रणनीतिक महत्व : ग्वादर जिला और पसनी इलाका चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) के बेहद करीब है। इस कारण यहां सुरक्षा बल और बलोच विद्रोहियों के बीच संघर्ष देखने को मिलते रहते हैं।
स्वतंत्र पुष्टि बाकी : पूरी जानकारी BLA द्वारा जारी बयानों और क्षेत्रीय रिपोर्ट्स पर आधारित है। हमले में हुए सटीक नुकसान की स्वतंत्र और निष्पक्ष पुष्टि बाकी है।