Pappu Yadav Controversy : बिहार के पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने युवतियों और महिलाओं के साथ होने वाली छेड़खानी की घटनाओं पर एक बहुत बड़ा और विवादित ऐलान कर दिया है। उन्होंने मंच से खुलेआम घोषणा की है कि जो कोई भी किसी बेटी से छेड़खानी करने वाले का हाथ काटकर उनके पास लाएगा, उसे वे अपनी तरफ से दो लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम देंगे। सांसद पप्पू यादव मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव खुर्दा पहुंचे थे, जहां वे एक स्थानीय मेले (खुर्दा महोत्सव) का उद्घाटन करने आए थे। इसी महोत्सव के दौरान अपने संबोधन में उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि जो भी शख्स बेटियों की तरफ बुरी नीयत से हाथ बढ़ाएगा, उसके हाथ को काटकर लाया जाए और पप्पू यादव से दो लाख रुपये का नगद इनाम लिया जाए।

महाभारत से बड़ा युद्ध छेड़ने की कही बात

सांसद ने यह भी जोड़ा कि बेटियों के साथ अपराध करने वाले दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई तो होनी चाहिए, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने छेड़खानी करने वालों के खिलाफ महाभारत से भी बड़ा युद्ध छेड़ने की बात कह डाली। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि आरोपी चाहे कितना भी ताकतवर या रसूखदार क्यों न हो, वह समाज में अपनी वहशियाना हरकतें करेगा तो उसके खिलाफ एक बहुत बड़ी जंग का आगाज कर दिया जाएगा। 

मंत्री संतोष सुमन का पलटवार

बिहार सरकार के मंत्री और हम (HAM) पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने गयाजी में मीडिया से बातचीत में कहा कि यह देश किसी व्यक्ति की मर्जी से नहीं, बल्कि संविधान और कानून से चलता है। कानून हाथ में लेने या किसी को खुद से सजा देने का अधिकार इस देश में किसी के पास नहीं है। संतोष सुमन ने कहा कि पप्पू यादव हमेशा अजीबोगरीब बातें करते रहते हैं। उन्हें खुद नहीं पता कि उनके पास इतना सारा पैसा आखिर कहां से आता है। संतोष ने कहा कि हर तरह के अपराध के लिए हमारे कानूनी ढांचे में सजा का प्रावधान तय है, इसलिए किसी का हाथ या जीभ काटकर लाने पर इनाम देने की घोषणा जैसी बातें करना बिल्कुल भी सही नहीं है।

हालिया आपराधिक घटनाएं 

पिछले कुछ दिनों के दौरान कई जिलों जैसे-जमुई, बांका, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर से सरेराह नाबालिग बच्चियों और युवतियों के साथ छेड़खानी की घटनाएं सामने आई थीं। इनके वीडियो भी वायरल हुए थे। पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था। खासकर जमुई के बहुचर्चित बैड टच केस में मुख्य आरोपी नंदन यादव का हाफ एनकाउंटर किया गया था। इन अलग-अलग घटनाओं पर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने कड़ी निंदा जताई थी और महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों को बेहद चिंताजनक बताते हुए अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की थी।

पहले भी अपने बयानों से सुर्खियों में रहे हैं पप्पू यादव

सांसद पप्पू यादव बेबाक और अक्सर विवादों में घिरे रहने वाले बयानों के लिए पहले भी चर्चा का केंद्र बन चुके हैं। छह महीने पहले यानी 21 अप्रैल को उन्होंने कहा था कि राजनीति में महिलाओं की एंट्री बिना नेताओं के बेड से गुजरे नहीं होती है। इस बयान के बाद जब चारों तरफ हंगामा हुआ तो उन्होंने फेसबुक पर लाइव आकर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने कहा था कि महिलाओं को राजनीति में आने के लिए शोषण के दौर से गुजरना पड़ता है।