आज के समय में ज्यादातर लोग अपने लुक्स और डाइट को लेकर जागरूक हो गए हैं। क्या खाना है और कितना खाना है, लोग इस बात का खास ख्याल रखते हैं। कोई अच्छे स्वास्थ्य के लिए तो कोई आकर्षक बॉडी पाने के लिए हजारों रुपये खर्च कर रहा है। ऐसे में लोग प्रोटीन पाउडर पर पैसे खर्चने से पहले एक बार भी नहीं सोचते। हालांकि, कुछ लोग अपने लिए महंगा प्रोटीन पाउडर अफॉर्ड नहीं कर पाते। ऐसे में उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। वो अपनी डाइट में कुछ ऐसी चीजें शामिल कर सकते हैं जिससे उनके शरीर में प्रोटीन की कमी भी पूरी हो जाएगी और जेब पर भी ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। 

प्रोटीन पाउडर और सप्लीमेंट्स को इनसे करें रिप्लेस 

अच्छी बॉडी पाने के लिए महंगे प्रोटीन पाउडर और सप्लीमेंट्स पर निर्भर रहने से अच्छा सही मात्रा में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, हेल्दी फैट और कैलोरी लेने से आपका काम बन जाएगा। यानी कम बजट में शरीर मजबूत होगा और आपको कोई नुकसान भी नहीं होगा। अब आप सोच रहे होंगे कि प्रोटीन पाउडर और सप्लीमेंट्स को किससे रिप्लेस किया जा सकता है? तो इसके लिए अंडे, दूध, दही या पनीर, सत्तू, चना, राजमा, दालें, मूंगफली और सोयाबीन सबसे अच्छे और कम बजट वाले ऑप्शन हैं। एक अंडे में 1 करीब 6-7g प्रोटीन मौजूद होता है। इसमें 72 कैलोरी, 5.3 ग्राम फैट, 1 ग्राम से कम कार्बोहाइड्रेट होता है। 

किसमें मिलेंगे कितने गुण?

250 ml दूध में 8 ग्राम प्रोटीन, 150–152 कैलोरी, 8 ग्राम फैट, 12 ग्राम कार्बोहाइड्रेट और साथ ही 291 mg कैल्शियम भी मिलता है। महज 100 ग्राम पनीर में 18-20 ग्राम प्रोटीन मिल जाता है। 50 ग्राम मूंगफली में 12-13 ग्राम, 50 ग्राम सत्तू में 10-11 ग्राम, 200 ग्राम दाल में 12-14 ग्राम, 200 ग्राम दही में 7-8 ग्राम प्रोटीन रहता है। वहीं, 50 ग्राम सोया से आप 25-26 ग्राम प्रोटीन ले सकते हैं। ऐस में ये काफी किफायती विकल्प हैं। 

ऐसे तैयार करें डाइट प्लान 

अब ये भी जान लेते हैं कि आपको इन चीजों को कब और कैसे खाना है, ताकि फायदा ज्यादा से ज्यादा मिले। तो सुबह आप सत्तू या दूध को केले के साथ ले सकते हैं। नाश्ते के लिए अंडे या चने बेहतर रहेंगे। लंच के लिए आप दाल, चावल के साथ रोटी और सब्जी खाकर अपना पेट भर सकते हैं। शाम को भुना चना या मूंगफली बेहतर ऑप्शन है, इससे प्रोटीन भी मिलेगा और स्वाद भी। रात के डिनर में दाल या सोया को रोटी या चावल जो आपका मन करें उसके साथ खा सकते हैं। अगर आप मसल्स बनाना चाहते हैं तो सिर्फ डाइट पर निर्भर नहीं रह सकते। इसके लिए आपको वर्कआउट भी करना होगा।