Punjab Election 2027 And AAP Candidate List : साल 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आज यानी 31 अक्टूबर 2026 को आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 40 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। लिस्ट में सबसे अहम नाम मुख्यमंत्री भगवंत मान का है, जो फिर अपनी पुरानी सीट धूरी से चुनाव मैदान में ताल ठोकेंगे। आम आदमी पार्टी ने अपने कैडर पर भरोसा जताते हुए 37 वर्तमान विधायकों को दोबारा मौका दिया है।

धूरी से ही किस्मत आजमाएंगे भगवंत मान

राजनीतिक गलियारों में काफी समय से CM भगवंत मान की चुनावी सीट बदलने की अटकलें लगाई जा रही थीं। वैसे, AAP के शीर्ष नेतृत्व ने इन सभी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए उन्हें फिर धूरी विधानसभा क्षेत्र से ही टिकट दिया है। साल 2022 के चुनाव में भगवंत मान ने इसी धूरी सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, जहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी दलबीर सिंह गोल्डी को 58206 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया था। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी मान की इसी लोकप्रिय सीट पर मुहर लगाई है।

जेल में बंद मंत्री और प्रमुख चेहरों को मिला मौका

आम आदमी पार्टी की इस पहली लिस्ट की सबसे खास बात है कि इसमें जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी चुनावी मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से पुनः अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इसके अलावा अजनाला विधानसभा सीट से कुलदीप सिंह धालीवाल, तरनतारन सीट से हरमीत सिंह संधू और एसएएस नगर (मोहाली) से कुलवंत सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। AAP ने अपनी 40 सीटों की प्रारंभिक सूची में अपने 37 मौजूदा विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है, जिससे स्पष्ट है कि पार्टी राज्य में अपने पुराने नेटवर्क को बनाए रखना चाहती है।

पंजाब में सत्ता में वापसी का लक्ष्य

पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए 2027 में मतदान होना है। वर्तमान में राज्य में AAP की सरकार है। पार्टी जनकल्याणकारी नीतियों एवं सांगठनिक मजबूती के दम पर राज्य में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही।

पिछले चुनाव के रिजल्ट

2022 पंजाब विधानसभा चुनाव में AAP ने एकतरफा जीत दर्ज की थी। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के आंकड़ों के अनुसार AAP ने 92 सीटें जीती थीं। 42% वोट शेयर हासिल कर प्रचंड बहुमत से सत्ता में आम आदमी पार्टी आई थी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) 18 सीटें, शिरोमणि अकाली दल (SAD) 3 सीटें, भारतीय जनता पार्टी (BJP) 2 सीटें, बहुजन समाज पार्टी (BSP) 1 सीट और निर्दलीय 1 सीट जीती थी।