BJP Criticism : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विदेश दौरे और हालिया प्रदर्शनों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मोर्चा खोल दिया है। BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि यह देश की बदकिस्मती है कि वह इस वक्त विपक्ष के नेता के पद पर बैठे हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी की अनुपस्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति देश से कहीं ज्यादा खुद कांग्रेस पार्टी के लिए बदनसीबी की बात है, क्योंकि उनके नेता इस समय देश से गायब हैं। मीडिया में चल रही खबरों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी वियतनाम की सैर कर रहे हैं।
नेता विपक्ष अपनी पार्टी और देश के लिए पहेली: बीजेपी
राहुल गांधी के रवैये पर सवाल उठाते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि वह अपनी पार्टी और देश दोनों के लिए एक ऐसी पहेली बन चुके हैं जिसे सुलझाना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल उपलब्धियों और सफलताओं से भरा पड़ा है, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी का रिकॉर्ड कांग्रेस के लिए सिर्फ मुश्किलें और मुसीबतें खड़ी करने वाला रहा है।
'कांग्रेस ने देश की संवैधानिक मर्यादाओं को दांव पर लगाया'
कांग्रेस पार्टी की सोच और नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए डॉक्टर त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता के लालच में न केवल अपना भविष्य अंधकार में डाल दिया है, बल्कि देश की संवैधानिक मर्यादाओं को भी दांव पर लगा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की बुनियादी सोच हमेशा से सत्ता में रहकर देश को लूटने, समाज में नफरत का जहर घोलकर बंटवारा करने और भारतीय संस्कृति व धर्म से नफरत करने की रही है।
कांग्रेस देश विरोध ताकतों के साथ खड़ी: सुधांशु
बीजेपी सांसद ने चेतावनी देते हुए कहा कि राहुल गांधी को राजनीति में स्थापित करने के लिए कांग्रेस ने जो हरसंभव हथकंडे अपनाए हैं, उसका नतीजा है कि आज पार्टी बेहद खतरनाक मुकाम पर आ खड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की जिद की वजह से कांग्रेस आज देश विरोधी ताकतों के साथ खड़ी नजर आ रही है।
'रहस्यमयी होती हैं राहुल की विदेश यात्राएं'
सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब भी वे विदेश जाते हैं तो उनकी यात्राएं बेहद गुप्त और रहस्यमयी होती हैं। वे ऐसी अनजान जगहों पर जाते हैं और ऐसे संदिग्ध लोगों से मुलाकात करते हैं, जिनका खुलासा कभी सार्वजनिक रूप से नहीं किया जाता।