दलेर मेहंदी के साथ हाल ही में स्टेज पर एक मंत्री ने जिस तरह का बर्ताव किया है उस पर पूरे देश में चर्चा हो रही है। उत्तराखंड में सांस्कृतिक कार्यक्रम में मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी को सबके सामने फटकार लगाई और उन पर शराब पीकर परफॉर्म करने के आरोप भी लगा दिए। ये वीडियो इंटरनेट पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। अब इस मामले पर सेलिब्रिटीज भी एक-एक कर दलेर मेहंदी के सपोर्ट में आते नजर आ रहे हैं। इस कंट्रोवर्सी पर अब एक्टर राजपाल यादव का रिएक्शन सामने आया है। राजपाल यादव ने एक वीडियो जारी कर इस मामले में दलेर मेहंदी की तरफदारी की है।
'माननीय मंत्री को शोभा नहीं देता'- राजपाल यादव
राजपाल यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, 'दोस्तों मैं हूं आपका राजपाल और कला का विद्यार्थी होने के नाते आप लोगों से एक बात शेयर करना चाहता हूं। जिस तरह से एक सम्मानित मंत्री हजारों लोगों के सामने, एक ऐसे लीजेंड सिंगर जिसकी दशकों से आवाज ने सबकी सेवा की है, ऐसे अशोभनीय और निंदनीय शब्दों से व्यव्हार कर रहे थे और मार पिटाई के उदाहरण दे रहे थे, माननीय मंत्री जी आपको ये शोभा नहीं देता। ऐसा लगा जैसे आपने कला को ही खरीद लिया हो। कला कभी खरीदी नहीं जा सकती। कल एक जीवन है। जीवन का सामना कीजिए।'
दलेर मेहंदी के शराब न पीने की हुई पुष्टि!
राजपाल यादव ने अपने वीडियो में आगे कहा, 'आपकी जानकारी के लिए बता दूं, दलेर पाजी शराब नहीं पीते। मैंने भी उनके साथ 'वेलकम टू द जंगल' में काम किया है। उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा है और कोशिश हो रही है कि वो जल्द से जल्द ठीक हों। पद आते हैं, जाते हैं, लेकिन कद्द हमेशा रहता है और कला का कद्द हजारों वर्षों से है। कला के कद का सम्मान कीजिए। गॉड ब्लेस यू।' अब राजपाल यादव ने दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए इसे कला का अपमान बताया है।
दलेर मेहंदी को मिला बॉलीवुड का सपोर्ट
ऐसा लगता है कि दलेर मेहंदी को एक-एक करके सभी बॉलीवुड सेलेब्स का सपोर्ट मिलने वाला है। इससे पहले मीका सिंह और अनुपम खेर ने भी दलेर मेहंदी के साथ हुए इस बर्ताव की निंदा की है। सभी का कहना है कि उन पर लगे शराब पीकर परफॉर्म करने के आरोप झूठे हैं। दलेर मेहंदी की ऐसी हालत की जिम्मेदार शराब नहीं उनकी सेहत है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ सालों से दलेर मेहंदी की तबीयत खराब चल रही है और उनका इलाज करवाया जा रहा है।