बॉलीवुड के गलियारों में एक बार फिर बॉक्स ऑफिस क्लैश की चर्चा तेज हो गई है। सुपरस्टार सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की रिलीज डेट आखिरकार सामने आ गई है। खास बात यह है कि फिल्म सिनेमाघरों में उस दिन दस्तक देगी, जिस दिन श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' भी रिलीज होने वाली है। यानी 4 दिसंबर 2026 को दर्शकों को दो अलग-अलग कहानियों वाली बड़ी फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा।

सलमान खान ने किया रिलीज डेट का ऐलान

काफी समय से सलमान खान की इस फिल्म की रिलीज को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। कभी फिल्म के अप्रैल में आने की खबरें सामने आईं तो कभी इसकी रिलीज आगे बढ़ने की चर्चा हुई। लेकिन अब 6 नवंबर को मुंबई में आयोजित ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान सलमान खान ने साफ कर दिया कि फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज को लेकर चल रहा इंतजार भी खत्म हो गया है। 

गलवान घाटी की घटना से प्रेरित है 'मातृभूमि' की कहानी

सलमान खान की 'मातृभूमि' पहले 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से बनाई जा रही थी। फिल्म की कहानी साल 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुए संघर्ष से प्रेरित है। इसमें सलमान खान भारतीय सेना के कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जिन्होंने 16 बिहार रेजिमेंट का नेतृत्व किया था। फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम किरदार में दिखाई देंगी। इसके अलावा मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया, ज़ैन शॉ और अभिलाष चौधरी भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। 

श्रद्धा कपूर की 'ईठा' से होगी सीधी टक्कर

दूसरी तरफ श्रद्धा कपूर भी अपनी आगामी फिल्म 'ईठा' के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में श्रद्धा एक ऐसे किरदार में नजर आएंगी, जो अपनी कला और संघर्ष के दम पर अलग पहचान बनाने में कामयाब हुई थीं। इस फिल्म में श्रद्धा के साथ रणदीप हुड्डा और नाना पाटेकर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस बायोपिक को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। 

किस फिल्म को मिलेगा दर्शकों का ज्यादा प्यार?

4 दिसंबर को दोनों फिल्मों का एक साथ रिलीज होना बॉक्स ऑफिस के लिहाज से दिलचस्प रहने वाला है। एक तरफ सलमान खान की फिल्म देश के सैनिकों के साहस, बलिदान और उनके परिवारों के संघर्ष को पर्दे पर पेश करेगी, तो दूसरी तरफ श्रद्धा कपूर एक ऐसी महिला कलाकार की कहानी लेकर आएंगी, जिसने अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई। दोनों फिल्मों का विषय और दर्शक वर्ग काफी अलग है। ऐसे में दर्शक किस कहानी को ज्यादा पसंद करते हैं यह दिलचस्प होने वाला है। फिलहाल इतना तय है कि दिसंबर की शुरुआत में सिनेमाघरों में सलमान और श्रद्धा की फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा।