बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान फिर अपने धार्मिक विश्वासों को लेकर विवादों में हैं। केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद जहां उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है, वहीं एक मौलाना की ओर से उनके खिलाफ फतवा जारी किए जाने की खबर भी सामने आई है। इस बीच सारा का साल 2023 का एक पुराना बयान इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने मंदिर जाने और अपनी निजी आस्था को लेकर खुलकर बात की थी।

केदारनाथ पहुंच विवादों में आईं एक्ट्रेस

सारा अली खान को धार्मिक जगहों पर जाना काफी पसंद है। वो कई बार केदारनाथ मंदिर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन करती नजर आ चुकी हैं। इस बार भी 25 अक्टूबर को एक्ट्रेस केदारनाथ धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और हाथ जोड़कर भगवान का आशीर्वाद लिया। हालांकि, उनकी इस धार्मिक यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया, जब ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सारा के मंदिर जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने इस्लामिक मान्यताओं का हवाला देते हुए कहा कि दूसरे धर्म के धार्मिक रीति-रिवाजों में शामिल होना शरीयत के मुताबिक जायज नहीं है। मौलाना ने सारा के इस कदम को गुनाह बताते हुए उनसे तौबा करने की बात भी कही।

वायरल हुआ सारा का पुराना बयान

इस पूरे विवाद के बीच सारा अली खान का साल 2023 का एक पुराना बयान फिर से सुर्खियों में आ गया है। दरअसल, उस समय एक्ट्रेस अपनी फिल्म 'जरा हटके जरा बचके' के प्रमोशन के सिलसिले में मध्य प्रदेश पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए थे। इसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे मंदिर जाने को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर सवाल किया गया था। इस पर सारा ने साफ कहा था कि वो अपने काम को पूरी गंभीरता से करती हैं और दर्शकों के लिए मेहनत करती हैं। अगर लोगों को उनका काम पसंद नहीं आता, तो उन्हें जरूर बुरा लगेगा, लेकिन अपनी निजी मान्यताओं को लेकर वो किसी की राय से प्रभावित नहीं होतीं।

'अजमेर शरीफ भी जाऊंगी और महाकाल भी'

सारा ने अपनी धार्मिक आस्था पर बात करते हुए कहा था कि वो जिस श्रद्धा से अजमेर शरीफ जाती हैं, उसी विश्वास के साथ बंगला साहिब और महाकाल के दर्शन भी करती हैं। उन्होंने ये बताया था कि ट्रोलिंग के बावजूद वो इन जगहों पर जाना जारी रखेंगी। एक्ट्रेस के मुताबिक, उन जगहों से मिलने वाली पॉजिटिव वाइब्स में वो विश्वास रखती हैं। उन्होंने साफ कर दिया था कि लोग उनके बारे में कुछ भी कहें, इससे उनके फैसले नहीं बदलेंगे।