एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए फाइनल का टिकट कटाया। सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15.4 ओवर में महज 81 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने गोल्ड मेडल की दौड़ में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब फाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत श्रीलंका से होगी। दोनों टीमें 22 सितंबर को गोल्ड मेडल के लिए आमने-सामने उतरेंगी।

शेफाली ने ठोका नाबाद शतक 

भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया और टीम को शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने सिर्फ 49 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। शेफाली और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 55 गेंदों पर 94 रन की अहम साझेदारी की। इसके बाद गेंदबाजों ने भी मोर्चा संभाला और बांग्लादेश की बल्लेबाजी को टिकने नहीं दिया। दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि श्री चरणी को 2 सफलता मिली। नंदनी ने अपने जन्मदिन पर पहली ही गेंद पर विकेट लेकर इसे और खास बना दिया। वहीं, क्रांति गौड़ ने भी एक विकेट अपने नाम किया और भारत ने बांग्लादेश की पारी 81 रन पर समेट दी।

स्मृति मंधाना ने बनाया रिकॉर्ड 

भारत की ओपनर स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों में 37 रन की तेज पारी खेली, लेकिन इसके बाद वह पवेलियन लौट गईं। इस दौरान उन्होंने महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मंधाना के अब 4,788 रन हो गए हैं, जबकि न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम 4,758 रन हैं। इसके साथ ही मंधाना ने टी20 क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने की उपलब्धि भी हासिल कर ली।

शेफाली ने थामे रखा मोर्चा 

भारतीय ओपनिंग जोड़ी शेफाली और मंधाना ने तेज शुरुआत करते हुए पावरप्ले में 72 रन जोड़ दिए। मंधाना के आउट होने के बाद जी कमालिनी सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौटीं लेकिन दूसरी तरफ शेफाली ने रनों की रफ्तार कम नहीं होने दी। कप्तान ने भी तेजी से बल्लेबाजी की और उपयोगी रन स्कोरबोर्ड में जोड़े। दोनों ने अच्छी साझेदारी के दम पर स्कोर को 150 के पार पहुंचाया। कप्तान के जाने के बाद भी शेफाली ने रनों की स्पीड कम नहीं होने दी और पारी की आखिरी गेंद पर अपना शतक पूरा किया। 

दिलारा और निगार ने बनाए 29 रन 

196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश को पहला झटका दूसरे ओवर में लगा। बांग्लादेश की तरफ से सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके। ओपनर दिलारा अख्तर और कप्तान निगार सुल्ताना ने जरूर 29 रन की साझेदारी की। जो टीम की सबसे बड़ी साझेदारी भी रही। 

स्पिनरों ने पलट दिया मैच

दिलारा ने शुरुआत में कुछ अच्छे शॉट लगाकर बांग्लादेश की उम्मीदें जगाईं, लेकिन भारतीय स्पिनरों ने बांग्लादेश को संभलने का मौका ही नहीं दिया। श्री चरणी ने निगार सुल्ताना को पवेलियन भेजकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद श्रेयंका पाटिल और दीप्ति शर्मा ने भी विकेट चटकाए। 11वें ओवर में नंदनी शर्मा ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर बांग्लादेश की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने पारी के आखिरी दो विकेट अपने नाम किए और बांग्लादेश की टीम 81 रन पर सिमट गई।

फाइनल में श्रीलंका से होगा मुकाबला 

भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब गोल्ड मेडल के लिए भारत का मुकाबला श्रीलंका से होगा। भारत की जीत में शेफाली वर्मा का शानदार शतक अहम रहा, वहीं गेंदबाजों ने बांग्लादेश को 81 रन पर रोककर मुकाबले को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।

महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन

स्मृति मंधाना — 4,788 रन

सूजी बेट्स — 4,758 रन

हरमनप्रीत कौर — 4,287 रन

चमारी अटापट्टू — 4,282 रन

सोफी डिवाइन — 3,817 रन