तेलंगाना के सिद्दीपेट जिले में 15 साल की किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

दशहरे के दिन हुई घटना

पुलिस के मुताबिक, घटना दशहरे के दिन हुई, जब किशोरी के माता-पिता खेती के काम से खेतों में गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान सातों आरोपी उसे अपने साथ पड़ोसी गांव ले गए, जहां उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। अगले दिन सुबह आरोपी किशोरी को उसके गांव के पास छोड़कर चले गए। 

घर नहीं लौटी तो परिजनों ने शुरू की तलाश

किशोरी के रातभर घर नहीं लौटने पर उसके माता-पिता ने उसकी तलाश शुरू की। घर लौटने के बाद किशोरी ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपियों का ड्रग टेस्ट भी कराया गया

मद्दुर के सब-इंस्पेक्टर एमडी आसिफ के अनुसार, पीड़िता नाबालिग है और आरोपियों में तीन नाबालिग शामिल हैं, इसलिए उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की जा रही है। पुलिस ने हुस्नाबाद एसीपी की निगरानी में रैपिड टेस्ट किट से सभी सात आरोपियों का ड्रग टेस्ट भी कराया। पुलिस के मुताबिक, जांच में नशीले पदार्थों के सेवन की पुष्टि नहीं हुई। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।