ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाज़ी का नमूना पेश करते हुए 179 रनों की मैराथन पारी खेली, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उनकी इस पारी ने न सिर्फ मुश्किल में फंसी दक्षिण अफ्रीकी टीम को संभाला, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कराए। बावुमा ने इस प्रदर्शन के साथ पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन का 28 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। साथ ही, दक्षिण अफ्रीका की धरती पर कप्तान के तौर पर 150 से ज्यादा रन बनाने की उपलब्धि के लिए 76 साल का इंतजार भी खत्म किया।
बावुमा ने संभाली पारी दक्षिण अफ्रीका की पारी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गकेबरहा में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही और टीम मैच की शुरुआत में ही बैकफुट पर आ गई। टीम अपनी पहली पारी की शुरुआत में ही लड़खड़ा गई और शुरुआती झटके झेलने पड़े। टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए और एक समय उसका स्कोर 97 रन पर पांच विकेट था। ऐसे दबाव के हालात में कप्तान बावुमा ने मोर्चा संभाला और धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला। बावुमा ने 334 गेंदों का सामना कर 179 रन बनाए। उनकी पारी में 18 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उन्होंने रायन रिकेल्टन, मार्को यानसन और साइमन हार्मर के साथ अहम साझेदारियां कर दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनकी बल्लेबाजी के दम पर मेजबान टीम ने पहली पारी 425 रन पर नौ विकेट के नुकसान पर घोषित की।
अजहरुद्दीन का रिकॉर्ड तोड़ सबसे उम्रदराज कप्तान बने
टेंबा बावुमा की इस 179 रनों की मैराथन पारी ने इतिहास के पन्नों में एक नया रिकॉर्ड दर्ज कर दिया है। 36 साल और 154 दिन की उम्र में यह कारनामा अंजाम देकर बावुमा टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान 150 या उससे अधिक रन बनाने वाले दुनिया के सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने भारतीय दिग्गज मोहम्मद अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 1998 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही 35 साल और 38 दिन की उम्र में 163 रन ठोके थे। अब अजहरुद्दीन का 28 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर बावुमा इस खास लिस्ट में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं।
दक्षिण अफ्रीका में 76 साल बाद कप्तान ने किया यह कारनामा
बावुमा की पारी का एक और खास पहलू यह है कि उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की धरती पर टेस्ट मैच में कप्तान के रूप में 150 से ज्यादा रन बनाने का दुर्लभ कारनामा किया। इस उपलब्धि के लिए 76 साल का इंतजार करना पड़ा। इससे पहले 1950 में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान आर्थर लिंडसे हैसेट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 167 रन बनाए थे। अब बावुमा ने 179 रन की पारी खेलकर इस ऐतिहासिक सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
बावुमा के टेस्ट करियर की सबसे बड़ी पारी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई 179 रन की यह पारी बावुमा के टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। इससे पहले उनका सर्वोच्च टेस्ट स्कोर 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया गया 172 रन था। इस पारी ने दिखाया कि दबाव में कप्तान की जिम्मेदारी निभाते हुए बावुमा ने किस तरह पारी को आगे बढ़ाया। शुरुआती विकेट गिरने के बाद उन्होंने एक छोर संभाले रखा और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बावुमा की इस पारी से दक्षिण अफ्रीका ने मुकाबले में मजबूत वापसी की। अब टीम की कोशिश इस बढ़त का फायदा उठाकर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाए रखने की होगी।