उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में धूप निकलने से गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम के मिज़ाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। पारे के ऊपर-नीचे होने के बीच सुबह-सवेरे कई जगहों पर हल्की धुंध छाने लगी है, जिससे अब धीरे-धीरे ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों पर नज़र डालें तो प्रदेश के अलग-अलग शहरों में न्यूनतम तापमान 18 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। बरेली में सबसे कम 18 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं, बहराइच में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री और प्रयागराज में 19 डिग्री सेल्सियस रहा। झांसी में पारा 20.2 डिग्री दर्ज किया गया।

लखनऊ और गोरखपुर में सुबह महसूस हुई ठंडक

राजधानी लखनऊ में आज सुबह का पारा करीब 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी ज़्यादा होने के चलते तड़के हल्की धुंध छाई रही, जिससे सुबह-सुबह ठंडक का अहसास हुआ। गोरखपुर में तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ सुबह के समय ठंडक का एहसास हुआ। मौसम में आए इस बदलाव के कारण सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को हल्की ठंड महसूस हो रही है। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से तापमान बढ़ जाता है और गर्मी का असर बना रहता है।

नमी बढ़ने से सुबह धुंध की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में हवा की रफ्तार कम रहने और वातावरण में नमी बढ़ने से सुबह के समय धुंध छा सकती है। इससे कुछ स्थानों पर दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चलाने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत है।विशेषज्ञों के मुताबिक, मौसम में बदलाव के इस दौर में रात और दिन के तापमान के बीच अंतर बना रह सकता है। इसलिए सुबह और रात में हल्की ठंड, जबकि दोपहर में अपेक्षाकृत गर्म मौसम महसूस हो सकता है।

आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार 

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के वक्त ठंडक और बढ़ने के आसार हैं। फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना न के बराबर है और ज़्यादातर हिस्सों में मौसम साफ़ बना रहेगा। कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश में अब धीरे-धीरे गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ सर्दियों का आगाज़ हो रहा है। अभी कड़ाके की ठंड पड़ने की स्थिति नहीं है, लेकिन सुबह-शाम की ठंडक इस बात का संकेत है कि आने वाले हफ्तों में तापमान में और बदलाव देखने को मिल सकता है।