बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार रात एक नाव दुर्घटना में 13 लोगों की जान चली गई। हादसे का शिकार हुए लोगों में अधिकतर बच्चे बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, नाव में सवार लोग एक श्राद्ध भोज में शामिल होने के लिए नदी पार कर रहे थे, तभी बीच पानी में नाव पलट गई। हादसे के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और शोकसंतप्त परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भोज में जा रहे थे लोग
यह हादसा राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुआ। बताया गया है कि भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के घर श्राद्ध भोज का आयोजन था। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए करीब 20 से 25 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर नदी के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी बीच अनियंत्रित होकर नाव पानी में पलट गई और कई लोग डूबने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया और उन्हें तुरंत राघोपुर फतेहपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया।
13 लोगों की मौत, घायलों को पटना भेजा गया
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाए गए लोगों में से डॉक्टरों ने 13 को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन बच्चों की नाज़ुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया है, जबकि एक अन्य बच्चे का इलाज जारी है। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंचे। प्रशासन के मुताबिक, बचाव अभियान चलाया गया और एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई। हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने नाव की खराब हालत को दुर्घटना की संभावित वजह बताया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सीएम ने 4 लाख मुआवजे की घोषणा की
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि (मुआवजा) देने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
पीएम मोदी ने जताया दुख, 2 लाख की मदद का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में हुए नाव हादसे में हुई मौतों पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है। इस हादसे से राघोपुर और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत-बचाव कार्य और प्रभावित परिवारों को सहायता देने की प्रक्रिया जारी है।