उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोमवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक बस आगे चल रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में दिल्ली निवासी एक महिला की मौत हो गई, जबकि बस चालक और परिचालक समेत आठ लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
यह दुर्घटना सोमवार सुबह मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 77.250 के पास आगरा से नोएडा की ओर जाने वाली लेन पर हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस चालक को झपकी आ गई थी। इसी दौरान बस आगे चल रहे कंटेनर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सोमवार सुबह करीब 5:35 बजे कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना मिली। इसके बाद सुरीर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम
हादसे में घायल लोगों को एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दिल्ली निवासी किरन नाम की महिला को नौहझील सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना में घायल बस चालक, परिचालक और अन्य यात्रियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया। पुलिस ने मृतका/पीड़िता के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और वे भी मौके पर पहुंच रहे हैं।
बस हटाकर यात्रियों को भेजा गया आगे
दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवाया, ताकि यातायात सामान्य किया जा सके। इसके बाद बस में सवार बाकी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। प्रारंभिक जानकारी में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।