एशियन गेम्स 2026 में भारत की युवा तीरंदाज, 17 वर्षीय कुमकुम मोहोद ने अपने दमदार प्रदर्शन से इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। रोमांचक मुकाबले और शूटआउट तक खिंचे फाइनल में दक्षिण कोरिया की ओ येजिन को मात देकर उन्होंने महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। पांच सेट के बाद दोनों खिलाड़ियों का स्कोर 5-5 से बराबर था, जिसके बाद शूटआउट में कुमकुम ने परफेक्ट 10 लगाया, जबकि ओ येजिन 8 अंक ही हासिल कर सकीं। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही कुमकुम एशियन गेम्स के व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में मेडल जीतने वाली देश की पहली महिला तीरंदाज बन गईं, साथ ही भारत ने इस इवेंट में अपना पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक भी अपने नाम कर लिया।

दबाव में नहीं डगमगाईं कुमकुम

फाइनल में दोनों तीरंदाजों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पांच सेट के बाद स्कोर बराबर होने के कारण फैसला शूटआउट से हुआ। यहां कुमकुम ने बेहद संयम के साथ निशाना साधते हुए 10 अंक हासिल किए। ओ येजिन का तीर 8 अंक पर रहा और इसी के साथ भारतीय तीरंदाज ने ऐतिहासिक स्वर्ण अपने नाम कर लिया।

2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक कोटा पक्का 

फाइनल मुकाबले से पहले सेमीफाइनल में कुमकुम ने चीन की जिंगयी झू को 6-2 से हराया था। इस जीत के साथ उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का करने के अलावा भारत के लिए 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा भी हासिल कर लिया था। नियमों के मुताबिक यह कोटा देश के नाम रहता है।

क्वार्टर फाइनल में विश्व चैंपियन को हराया

कुमकुम का सफर आसान नहीं रहा। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना मौजूदा विश्व चैंपियन कांग चाएयंग से हुआ, जहां भारतीय तीरंदाज ने 6-4 से जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही कुमकुम एशियन गेम्स के व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में मेडल जीतने वाली देश की पहली महिला तीरंदाज बन गईं, साथ ही भारत ने इस इवेंट में अपना पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक भी अपने नाम कर लिया।

टूर्नामेंट में तीसरा पदक

कुमकुम का यह एशियन गेम्स 2026 में तीसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ मिलकर महिला रिकर्व टीम स्पर्धा का गोल्ड मेडल भी अपने नाम किया था। इसके अलावा, धीरज बोम्मदेवरा के साथ जोड़ी बनाकर उन्होंने मिश्रित वर्ग में रजत पदक पर भी कब्जा जमाया। इस तरह कुमकुम ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और एक रजत के साथ अपना अभियान खत्म किया।

भारतीय तीरंदाजी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

कुमकुम की जीत ने एशियन गेम्स में भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी का नया अध्याय शुरू किया है। व्यक्तिगत रिकर्व में इससे पहले कोई भारतीय महिला एशियन गेम्स पदक नहीं जीत सकी थी। अब 17 साल की कुमकुम ने सीधे स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि अपने नाम कर ली है।