देश के कई राज्यों में मानसून फिर से सक्रिय नजर आता दिख रहा है। बुधवार को मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया। विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। दूसरी ओर, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में मानसून की विदाई की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

दिल्ली-NCR में बारिश के आसार कम

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में बारिश की संभावना नहीं है और दिन के समय गर्मी का असर महसूस हो सकता है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिल्ली में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में आने वाले दिनों में भी मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।

यूपी में मौसम रहेगा शुष्क, बिहार में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बुधवार को बारिश की संभावना ना के बराबर है। मौसम शुष्क रह सकता है। 25 से 27 सितंबर के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की वजह से मौसम में बदलाव दिख सकता है। वहीं, बिहार के कुछ हिस्सों में तेज बारिश होने की आशंका है। 24 और 25 सितंबर को बिहार के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने हो सकती है। 

ओडिशा में जारी किया रेड अलर्ट

राज्य में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बिगड़ा रह सकता है। मौसम विभाग ने 23 और 24 सितंबर को कई जिलों में तेज बारिश की आशंका के साथ रेड अलर्ट जारी किया है। कोरापुट, गजपति और गंजाम में अत्यधिक बारिश की संभावना है, जबकि कालाहांडी, नबरंगपुर और मलकानगिरी में 24 से 25 सितंबर तक तेज बारिश का खतरा बना हुआ है। लगातार बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कुछ इलाकों में स्कूल बंद रखने की सलाह भी दी है।

छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का खतरा

राज्य में कुछ दिनों तक बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने सकती है। 23 और 24 सितंबर को कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना दबाव क्षेत्र आगे बढ़ रहा है, जिसका असर छत्तीसगढ़ समेत मध्य भारत के कई हिस्सों पर पड़ सकता है।

इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम

आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश, झारखंड, असम, मेघालय, कर्नाटक, केरल और गोवा में मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की बारिश का अनुमान है। राजस्थान में मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।