टीवी के पॉपुलर रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के फैंस के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। शो के होस्ट और बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण इसकी शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है। बताया जा रहा है कि बीते करीब एक हफ्ते से शो के नए एपिसोड की रिकॉर्डिंग नहीं हुई है। ऐसे में मेकर्स ने अमिताभ की सेहत को प्रायोरिटी देते हुए शूटिंग शेड्यूल में बदलाव किया है।
पुराने एपिसोड से एंटरटेन कर रहा चैनल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमिताभ बच्चन की तबीयत खराब होने के चलते शो के नए एपिसोड की शूटिंग अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी है। इस बीच चैनल ने प्रसारण जारी रखने के लिए पहले से रिकॉर्ड किए गए एपिसोड का सहारा लिया है। दिवाली स्पेशल वीक के तहत दर्शकों को सेलिब्रिटी मेहमानों वाले खास एपिसोड दिखाए जा रहे हैं। शो का आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी स्पेशल एपिसोड रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ शूट किया गया था।
ये था आखिरी सेलिब्रिटी स्पेशल एपिसोड
तीनों कलाकार अपनी फिल्म 'रामायण' को प्रमोट करने के लिए KBC के सेट पर पहुंचे थे। पहले इस एपिसोड को फिल्म की रिलीज के आसपास टेलीकास्ट करने की प्लानिंग थी, ताकि दर्शकों को फिल्म से जुड़ी खास बातें देखने को मिल सकें। हालांकि, अमिताभ बच्चन की तबीयत को देखते हुए मेकर्स को अपना प्लान बदलना पड़ा। इसके बाद इस एपिसोड को दिवाली स्पेशल वीक के दौरान ही टेलीकास्ट कर दिया गया।
अगले हफ्ते शुरू हो सकती है शूटिंग
KBC के फैंस के लिए राहत की बात ये है कि शो की शूटिंग जल्द दोबारा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, अगर अमिताभ बच्चन की सेहत में सुधार होता है तो अगले हफ्ते से रिकॉर्डिंग शुरू की जा सकती है। हालांकि, इसकी अंतिम पुष्टि अमिताभ बच्चन की स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखकर ही होगी।