क्रिकेट की दुनिया में अक्सर ऐसे अनोखे रिकॉर्ड और दिलचस्प संयोग देखने को मिलते हैं, जो फैंस का ध्यान खींच लेते हैं। ऐसा ही एक अनोखा इत्तफाक एशियन गेम्स 2026 में ओमान और हांगकांग के बीच खेले गए मुकाबले में देखने को मिला।मैच में ओमान की प्लेइंग-11 में सात खिलाड़ी ऐसे थे, जिनके नाम के साथ एक ही सरनेम जुड़ा हुआ था। ये सभी खिलाड़ी ‘अल बलूशी’ सरनेम वाले थे। हांगकांग के खिलाफ ओमान की टीम में मोहम्मद अल बलूशी, शुऐब अल बलूशी, जुबैर अल बलूशी, वहीद अल बलूशी, ईसा अल बलूशी, नावेद अल बलूशी और फारिस अल बलूशी शामिल थे। इतना ही नहीं, ओमान के पूरे दल में इस सरनेम वाले दो और खिलाड़ी वसीम अल बलूशी और कैस अल बलूशी भी मौजूद हैं। यानी टीम के 15 सदस्यीय स्क्वाड में कुल नौ खिलाड़ियों का सरनेम ‘अल बलूशी’ है।

टॉप ऑर्डर में भी दिखा एक जैसा सरनेम

हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में ओमान की बल्लेबाजी की शुरुआत भी इसी परिवार/सरनेम से जुड़े खिलाड़ियों ने की। मोहम्मद अल बलूशी, शुऐब अल बलूशी, जुबैर अल बलूशी और वहीद अल बलूशी ने क्रमशः नंबर एक से चार तक बल्लेबाजी की। इनमें शुऐब ने 20 रन बनाए, जबकि जुबैर बिना खाता खोले आउट हुए। मोहम्मद ने 2 और वहीद ने 1 रन बनाया। ईसा अल बलूशी ने सात रन की पारी खेली। गेंदबाजी में भी इन खिलाड़ियों की मौजूदगी रही। मोहम्मद अल बलूशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट लिए। उनके अलावा शुऐब और नावेद अल बलूशी ने भी एक-एक विकेट हासिल किया। तीनों ने मिलकर हांगकांग की पारी के दौरान पांच विकेट झटके।

कौन हैं ये खिलाड़ी?

मोहम्मद अल बलूशी ने इस साल सिंगापुर के खिलाफ अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। वह अब तक ओमान के लिए छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 81 रन है। शुऐब अल बलूशी भी छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। 30 वर्षीय ऑलराउंडर के नाम 117 रन और चार विकेट दर्ज हैं। जुबैर अल बलूशी ने भी ओमान के लिए छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वहीं, वहीद अल बलूशी ने हांगकांग के खिलाफ एशियन गेम्स के मुकाबले में अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। ईसा अल बलूशी अब तक पांच मैच खेल चुके हैं।नावेद अल बलूशी तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हैं और पांच मुकाबलों में सात विकेट ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/22 रहा है। फारिस अल बलूशी ने ओमान के लिए दो मैच खेले हैं और वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं।

हांगकांग के खिलाफ हार गया ओमान

हालांकि, सात ‘अल बलूशी’ खिलाड़ियों वाला यह संयोग ओमान के लिए मैच का नतीजा नहीं बदल सका। पहले बल्लेबाजी करते हुए हांगकांग ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 121 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ओमान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 80 रन ही बना सकी और उसे 41 रन से हार का सामना करना पड़ा। ओमान अब अपने ग्रुप के अगले मुकाबले में मलेशिया का सामना करेगा। यह मैच टीम के लिए अहम होगा, क्योंकि क्वार्टर फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए उसे इस मुकाबले में जीत दर्ज करनी होगी।