बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु जल्द ही काम पर लौटने वाली हैं। उन्होंने 6 साल बाद कमबैक का ऐलान कर दिया है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस को गुड न्यूज दी है। बिपाशा बसु ने अपना नया प्रोजेक्ट अनाउंस कर दिया है। एक्ट्रेस ने सीरीज की कास्ट और मेकर्स के साथ एक तस्वीर शेयर की है। इस फोटो में कई बड़े चेहरे नजर आ रहे हैं। तो चलिए जानते हैं क्या है बिपाशा बसु का नया प्रोजेक्ट और 6 साल बाद उन्हें किसके साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला है। 

बिपाशा की नए सीरीज का ऐलान 

आपको बता दें, तस्वीर में बिपाशा बसु के साथ कैटरीना कैफ के देवर सनी कौशल और विशाल जेठवा दिखाई दे रहे हैं। उनके अलावा इस फोटो में फिल्ममेकर हंसल मेहता को भी देखा जा सकता है। इस पोस्ट को शेयर करते हुए स्टारकास्ट ने लिखा, 'बेहद खुशी और आभार के साथ हम ये बताते हुए खुश हैं कि हमने एक और खूबसूरत सिनेमैटिक सफर की शूटिंग शुरू कर दी है। इसकी स्टोरी सच में स्पेशल और हमारे दिल के बहुत करीब है।'

हंसल मेहता, सनी और विशाल का मिला साथ 

पोस्ट में आगे लिखा है, 'इस कहानी का टाइटल अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन एक शानदार टीम के साथ ये सपना आकार ले रहा है! हंसल मेहता हमारी शिप के कैप्टन हैं और सनी कौशल, बिपाशा बसु और विशाल जेठवा जैसे बेहतरीन कलाकारों के साथ, इस जर्नी को वाकई एक्स्ट्राऑर्डिनरी बनाने वाले हैं। नई शुरुआत, यादगार कॉलबॉरशन और कहानी कहने के जादू के नाम। महादेव के आशीर्वाद से, एक और खूबसूरत जर्नी की शुरुआत हो गई है। हर हर महादेव।'

सीरीज का टाइटल नहीं हुआ तय 

आपको बता दें, इस सीरीज का नाम अभी तय नहीं हुआ और इसे कश्यप कपूर और राघव राज कक्कड़ ने लिखा है। इसे 'ऑलमाइटी मोशन पिक्चर्स प्रोडक्शंस' के बैनर तले प्रोड्यूस किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि इस सीरीज की शूटिंग शुरू हो चुकी है। ये प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। इसमें एक छोटे गुमनाम शहर की कहानी दिखाई जाएगी। सनी कौशल एक ईमानदार पुलिस वाले के किरदार में दिखाई देंगे।