CERT-In Android Security Alert 2026 : आप भी एंड्रॉयड स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार की प्रमुख साइबर सुरक्षा एजेंसी भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पोंस टीम (CERT-In) ने देशभर के लाखों स्मार्टफोन यूजरों के लिए एक गंभीर हाई सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया है। सरकारी एजेंसी के अनुसार कई एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम में बहुत बड़ी तकनीकी खामियां पाई गई हैं, जिनकी वजह से यूजरों के फोन आसानी से हैकरों के निशाने पर आ सकते हैं। इस बड़े खतरे से बचने के लिए तुरंत अपने डिवाइस को अपडेट करने की सख्त हिदायत दी गई है।
किन एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम पर मंडरा रहा है खतरा?
CERT-In के अनुसार आपका मोबाइल एंड्रॉयड के विशेष वर्जनों पर काम कर रहा तो आपको बहुत ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। इस साइबर खतरे की जद में मुख्य रूप से निम्नलिखित OS वर्जन शामिल हैं:-एंड्रॉयड 14, एंड्रॉयड 15, एंड्रॉयड 16, एंड्रॉयड 16 QPR 2
लेटेस्ट एंड्रॉयड 17 पर चलने वाले सिस्टम
साइबर सिक्योरिटी एजेंसी ने 4 नवंबर 2026 को एक क्रिटिकल वल्नरबिलिटी नोट जारी किया है, जिसका संदर्भ नंबर (CIVN-2026-0536) है। इसमें चेताया गया है कि किसी भी संभावित साइबर हमले और हैकिंग से सुरक्षित रहने के लिए यूजर बिना देरी के अपने मोबाइल को सॉफ्टवेयर अपडेट कर लें।
हैकर कैसे बना सकते हैं आपको शिकार?
CERT-In की एडवाइजरी में खुलासा किया गया है कि एंड्रॉयड के मुख्य कंपोनेंट्स, जैसे- उसके इंटरनल फ्रेमवर्क और सिस्टम से जुड़े हिस्सों में काफी गंभीर सुरक्षा खामियां पाई गई हैं। हैकर मोबाइल के इन सिस्टम लूपहोल्स या कमियों का गलत फायदा उठाकर आपके स्मार्टफोन पर पूरा नियंत्रण हासिल कर सकते हैं। इसके बाद वे यूजर को झांसे में लेकर किसी फर्जी लिंक पर क्लिक करवा सकते हैं या कोई खतरनाक मैलवेयर ऐप डाउनलोड करवा सकते हैं। एक बार फोन का एक्सेस मिलते साइबर अपराधी आपकी निजी जानकारी चुराकर सीधे आपका बैंक खाता खाली कर सकते हैं।
गूगल ने जारी किया सिक्योरिटी पैच
इस गंभीर समस्या की भनक लगते गूगल ने भी तुरंत कदम उठाया है। कंपनी ने 2 नवंबर 2026 को आधिकारिक एंड्रॉयड सिक्योरिटी बुलेटिन में इन तमाम खामियों की जानकारी साझा की थी। गूगल ने इन कमियों को दूर करने और बग्स को ठीक करने को नया सिक्योरिटी पैच भी रोलआउट कर दिया है। इसलिए स्मार्टफोन यूजरों के लिए यह बेहद अनिवार्य हो गया है कि वे अपने फोन के ऑपरेटिंग सिस्टम को हमेशा लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट के साथ रखें।
अपने स्मार्टफोन को तुरंत कैसे करें अपडेट?
- सबसे पहले अपने मोबाइल की सेटिंग्स (Settings) में जाएं।
- नीचे स्क्रॉल करें और सिस्टम या सॉफ्टवेयर अपडेट के विकल्प पर क्लिक करें।
- वहां चेक फॉर अपडेट्स बटन पर टैप करें।
- कोई नया सॉफ्टवेयर या सिक्योरिटी अपडेट दिखता है तो उसे तुरंत डाउनलोड और इंस्टॉल कर लें।