CJP Protest In Delhi: यूट्यूबर ध्रुव राठी (Dhruv Rathee) को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर की गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुबह दिल्ली पुलिस के करीब 50 जवानों की एक टीम ध्रुव राठी के घर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया।

ध्रुव राठी की गिरफ्तारी पर क्या बोली CJP? 

ध्रुव राठी की हिरासत पर CJP ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संगठन ने उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है। शुक्रवार शाम को ध्रुव राठी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने शनिवार को होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की घोषणा की थी।

जर्मनी से भारत लौटे थे ध्रुव राठी

मालूम हो कि नरेंद्र मोदी सरकार के मुखर आलोचक माने जाने वाले ध्रुव राठी इस सप्ताह की शुरुआत में जर्मनी से भारत आए थे। उन्होंने 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में CJP के विरोध प्रदर्शन में भी हिस्सा लिया था। ध्रुव राठी सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 1.92 करोड़, एक्स हैंडल पर 33 लाख और YouTube पर 3.3 करोड़ सब्सक्राइबर हैं।

नहीं मिली थी प्रदर्शन की अनुमति 

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और प्रक्रियात्मक आवश्यकताओं का हवाला देते हुए प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकने के लिए विभिन्न रणनीतिक स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 20 हजार जवान तैनात 

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली में बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, रातभर में 400 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि सैकड़ों ट्रेनें रद्द करने और कई मेट्रो स्टेशनों को बंद करने की जानकारी सामने आई है। CJP ने अपने समर्थकों से जंतर-मंतर पर जुटने की अपील की है। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के 20,000 से अधिक जवानों की तैनाती किए जाने की बात कही गई है।