CEC Gyanesh Kumar Residence Protest : मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने आंदोलन तेज कर दिया है। दिल्ली के जंतर-मंतर और उत्तर प्रदेश में निर्वाचन आयोग के कार्यालयों पर जारी विरोध-प्रदर्शन की आंच अब ज्ञानेश कुमार के गृह नगर तक पहुंच गई है। आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा की विजय नगर कॉलोनी स्थित उनके पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घर की दीवारों और गेट पर काले रंग से वोट चोर और गद्दार जैसे आपत्तिजनक शब्द लिख दिए।

कांग्रेस ने ज्ञानेश के खिलाफ खोला देशव्यापी मोर्चा

गौरतलब है कि अंग्रेजी समाचार पत्र द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक रिपोर्ट के बाद कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ देशव्यापी मोर्चा खोल रखा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खुद इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर हमलावर हैं। इससे पहले लखनऊ स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के दफ्तर पर भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में व्यापक विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया गया था।

पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा

आज आगरा में हुए इस घटनाक्रम का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव अनिल यादव ने किया। इस दौरान मुकेश धनगर, शाहबाज और उमेश शर्मा समेत अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आवास पर नारेबाजी और कालिख पोते जाने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस बल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दीवारों से लिखे गए नारों और कालिख को साफ कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक विधिक कदम उठाए जा सकें।

जिला मुख्यालयों में निकाला पैदल मार्च

दूसरी ओर राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर अपना आक्रोश जताया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम और मूसलाधार बारिश के बावजूद लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने आगामी दिनों में प्रदेश के समस्त जिलों में इस आंदोलन को और व्यापक रूप देने तथा पूर्ण क्षमता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया है।