दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर खूब चर्चाएं चल रही हैं। 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ लाइव परफॉर्म करने वाले हैं और इसके लिए उनके फैंस बेहद एक्साइटेड हैं। पहले दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट की अनुमति नहीं मिल रही थी। सुरक्षा कारणों के चलते पुलिस ने इस पर रोक लगाई हुई थी। हालांकि, अब न सिर्फ दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को अनुमति मिल गई है, बल्कि इसके कड़े सुरक्षा इंतजाम भी किए जा रहे हैं। अब इसे जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई हैं। 

1500 से 2000 पर्सनल गार्ड संभालेंगे सुरक्षा की कमान 

दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वैसे भी कुछ दिन पहले दिलजीत दोसांझ के एक कॉन्सर्ट को लेकर धमकी मिली थी। बॉम्ब से आत्मघाती हमला की चेतावनी के बाद अब सिंगर के कॉन्सर्ट में सिक्योरिटी काफी टाइट कर दी गई है। अब जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में करीब 1500 से 2000 पर्सनल गार्ड शामिल हो सकते हैं। पहले सिर्फ 400 पर्सनल गार्ड की अनुमति दी गई थी। ये गार्ड स्टेडियम में आने वाली भारी भीड़ को संभालने का काम करेंगे। इनका काम कतारों को ऑर्गनाइज कर, हेल्प डेस्क संभालना, लोगों को एंट्री गेट तक पहुंचाना और स्टेडियम के चारों तरफ लोगों की आवागमन को नियमित रखना होगा।

ट्रैफिक से बचने के लिए क्या हैं इंतजाम?

इसके अलावा कॉन्सर्ट के दौरान स्टेडियम के आसपास भीड़ और जाम से बचने के लिए भी कुछ कदम उठाए गए हैं। एडिश्नल ट्रैफिक पर रोक लगाने, पार्किंग की फैसिलिटीज और पैदल चलने वालों के लिए अलग जोन बनाने की तैयारी चल रही है। एडिशनल पार्किंग स्पेस की भी मांग रखी गई क्योंकि इससे पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ की व्यवस्था और स्मूद हो जाएगी। शो शुरू होने से पहले और बाद में जो ट्रैफिक होता है, उससे भी राहत मिलेगी। 

फैंस के लिए कॉन्सर्ट खास बनाने की तैयारी 

गाड़ी की मूवमेंट को 500-700 मीटर के दायरे में लिमिट करनी की योजना है ताकि पैदल चलने वालों के लिए रास्ता रहे। यहां सिर्फ आर्टिस्ट को ले जाने वाली गाड़ियों और इवेंट के लिए स्पेशल परमिशन वाली गाड़ियों की एंट्री होगी। स्टेडियम में करीब 55,000 लोगों की क्षमता है। ऑर्गेनाइजर्स ये भी कोशिश कर रहे हैं कि परफॉरमेंस रैंप को बढ़ाया जा सके। इससे दिलजीत दोसांझ को ऑडियंस के करीब आकर फैंस से इंटरैक्ट करने का मौका मिल सकेगा।