दिशा सालियान केस में एक नया मोड़ आ गया है। दिशा सालियान के पिता ने बेटी को इंसाफ दिलाने की जो लड़ाई शुरू की है अब उसमें उनकी जीत होती नजर आ रही है। 2 सितंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट ने दिशा सालियान केस की जांच CBI को सौंपने का फैसला सुनाया था। अब हाई कोर्ट के आदेश पर CBI ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। इस FIR में कई बड़े नाम शामिल हैं। ऐसे में ये केस अब एक अहम मोड़ लेता हुआ नजर आ रहा है। 

17 लोगों पर दिशा सालियान केस में FIR दर्ज 

दिशा सालियान की मौत से जुड़े मामले में रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती एक बार फिर फंसते हुए नजर आ रहे हैं। ये दोनों पहले भी सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद जेल की हवा खा चुके हैं। एक बार फिर इन दोनों के नाम इस हाई प्रोफाइल केस में शामिल हो गए हैं। जिन लोगों के खिलाफ दिशा सालियान केस में FIR दर्ज हुई है, उनमें रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती भी शामिल हैं। इनके अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, बेटे आदित्य ठाकरे, एक्टर डिनो माेरिया और सूरज पंचाेली के नाम भी CBI ने FIR में शामिल किए हैं। 

गैंग रेप, मर्डर और सबूतों से छेड़छाड़ के एंगल से होगी जांच 

मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह, जेल में कैद पुलिस अफसर सचिन वाझे और कई पुलिस वालों के नाम भी दिशा सालियान मौत केस में CBI द्वारा दर्ज FIR में शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, CBI अब इस केस की जांच आपराधिक साजिश रचने, गैंग रेप के बाद मर्डर कर सबूतों से छेड़छाड़ करने के एंगल से करेगी। आपको बता दें, दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान के बयान के आधार पर CBI ने ये FIR दर्ज की है। दिशा के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत से जुड़े सबूतों से छेड़छाड़ की गई है। सरकारी मशीनरी के साथ गड़बड़ी कर सबूत मिटाए गए हैं। 

6 साल पहले हुई थी दिशा की मौत 

अब ये मामला काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौत के 6 साल बाद दिशा को इंसाफ मिलने की उम्मीद जाग रही है। हालांकि, अभी तक कोई भी आरोप साबित नहीं हुआ है और जब तक जांच एजेंसी को कोई ठोस सबूत नहीं मिल जाता, इस मामले में किसी को भी दोषी नहीं ठहराया जाएगा। आपको बता दें, दिशा की मौत 8 जून 2020 को हुई थी। वो मुंबई के मलाड की एक बिल्डिंग की 14वीं मंजिल से गिरी हुई पाई गई थीं। इसके बाद दिशा के पिता ने ये दावा किया कि उन के बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ है। अब इस मामले की जांच चल रही है।