Congress Satyagraha News : मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर नागरिक समाज के कार्यकर्ताओं तथा युवा संगठनों के प्रदर्शन के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म सत्याग्रह शुरू किया है। इस प्लेटफॉर्म का मकसद देशभर में अलग-अलग मुद्दों पर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों और आंदोलनों को एक नक्शे (मैप) पर एक साथ लाना है।
9 घंटे में मिले 10 हजार से ज्यादा जवाब
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि देश में सच को दबाया जा रहा है और विपक्ष के नेता के तौर पर अन्याय के खिलाफ लोगों की आवाज बनना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि वेबसाइट लाइव होने के केवल 9 घंटे के भीतर ही इस पर 10 हजार से अधिक लोगों की प्रतिक्रियाएं मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि देश के नागरिक चुपचाप अपनी लड़ाइयां लड़ रहे थे, लेकिन अब उनकी हर बात और हर कहानी को पढ़ा और सुना जाएगा।
'सत्याग्रह' वेबपेज कैसे काम करेगा?
राहुल गांधी की वेबसाइट (rahulgandhi.in/satyagraha) पर भारत का एक नक्शा दिखाया गया है। इसमें लाल या रंगीन बिंदुओं (डॉट्स) के जरिए उन जगहों को चिह्नित किया गया है, जहां लोग किसी न किसी मुद्दे पर आवाज उठा रहे हैं। फिलहाल इस पेज पर हर राज्य में चल रहे मुख्य मुद्दों की जानकारी दी गई है। राहुल गांधी ने कहा कि युवा (Gen Z), छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं अक्सर अकेले ही अपने अधिकारों की जंग लड़ते हैं। अकेली आवाज को दबाना आसान होता है, इसलिए 'सत्याग्रह' के जरिए इन सभी आवाजों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी कहानी शेयर करें ताकि वे देख सकें कि उनके जैसा ही संघर्ष और कौन-कौन कर रहा है। उन्होंने वादा किया कि संसद से लेकर सड़क तक वे हर स्तर पर जनता के साथ खड़े रहेंगे।
खरगे का केंद्र सरकार पर तीखा हमला
कर्नाटक के कलबुर्गी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकारें भंग होनी चाहिए और चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए जाने चाहिए।